छपरा. पटना की तरह छपरा में भी मरीन ड्राइव के रूप में बनने वाले रिविलगंज-बिशुनपुरा बाइपास परियोजना के कार्य में तेजी आ गयी है. जिलाधिकारी ने इस सड़क के निर्माण के लिए जल्द से जल्द सभी प्रकार के कागजी और मुआवजा भुगतान से संबंधित प्रक्रिया को पूरा करने का आदेश जिला भू अर्जन कार्यालय के अधिकारियों को दिया है. साथ ही सड़क निर्माण एजेंसी और राजस्व से जुड़े सभी पदाधिकारी को परियोजना को जल्द से जल्द शुरू करने के लिए जुट जाने को कहा है. जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमंडल, छपरा एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी रिविलगंज व मांझी के साथ रिविलगंज-बिशुनपुरा बाइपास निर्माण परियोजना के पूरे स्ट्रेच का स्थलीय निरीक्षण मंगलवार को किया. उन्होंने कुछ बिंदुओं पर निर्णय करते हुए बताया कि बारिश के दिनों में लगभग तीन महीने घाघरा नदी का जल स्तर काफी बढ़ा हुआ रहने के परिप्रेक्ष्य में उक्त परियोजना में 1200 मीटर एलिवेटेड पथ के अतिरिक्त गौतम ऋषि स्थान के आगे तक कुल तीन किलोमीटर एलिवेटेड पथ निर्माण के लिए प्राक्कलन तैयार कर विभाग को अनुमोदन के लिए भेजने का निर्देश दिया गया है. जिलाधिकारी ने पूरे अलाइनमेंट के खेसरा पंजी को अद्यतन कर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया ताकि मुआवजा भुगतान की कार्रवाई पूर्ण कर उक्त परियोजना का कार्यान्वयन प्रारंभ कराया जा सके.
The post रिविलगंज-बिशुनपुरा बाइपास परियोजना में तेजी लाने के लिए डीएम ने दिये निर्देश appeared first on Naya Vichar.

