Mallikarjun Kharge On PM Modi: पटना में श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के कार्यक्रम के दौरान हंगामा हो गया. कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे बापू सभागार में सभा को संबोधित कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर टिप्पणी की और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की विचारधारा पर भी निशाना साधा. जिसके बाद सभागार में हंगामे जैसी स्थिति पैदा हो गई.
‘मोदी का बाप भी जाएगा’, खरगे की टिप्पणी पर हंगामा
जानकारी के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष ने आरएसएस और पीएम मोदी पर निशाना साधा. जिसके बाद सभा में मौजूद एक व्यक्ति ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी कहीं नहीं जाएंगे. इस पर खरगे ने जवाब देते हुए कहा, “मोदी का बाप भी जाएगा.” खरगे की इस टिप्पणी के बाद कार्यक्रम में हंगामा हो गया. कार्यकर्ताओं ने उस व्यक्ति के साथ अमर्यादित व्यवहार किया. जो वीडियो में साफ नजर आ रहा है.
RSS की विचारधारा पर क्या बोले खरगे?
मल्लिकार्जुन खरगे ने अपने संबोधन में कहा कि आज अगर RSS के बारे में बात की जाती है, तो लोग उसका अलग-अलग अर्थ निकाल सकते हैं. उन्होंने कहा कि RSS को आज जिस वजह से निशाना बनाया जा रहा है, उसकी वजह यह है कि संगठन अपनी स्थापना के समय से ही इसी तरह की गतिविधियों में लगा रहा है. खरगे ने आगे कहा, “इसलिए जब तक इस देश में RSS की विचारधारा रहेगी, तब तक शांति नहीं होगी.”
खरगे के पहुंचने से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
मल्लिकार्जुन खरगे के पटना पहुंचने से पहले ही कांग्रेस के भीतर विरोध के स्वर तेज हो गए. बापू सभागार के मुख्य गेट पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने पोस्टर और बैनर लेकर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम और पार्टी प्रभारी कृष्णा अल्लावरू को पद से हटाने की मांग की.
कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह को दोबारा बिहार कांग्रेस की कमान सौंपने की मांग भी उठाई. सभागार के गेट के पास लगाए गए पोस्टरों में राजेश राम और कृष्णा अल्लावरू पर गंभीर आरोप लगाए गए.
टिकट बेचने का आरोप, नेतृत्व बदलने की मांग
प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजेश राम और कृष्णा अल्लावरू पर टिकट बेचने का आरोप लगाया. उन्होंने दोनों नेताओं को पद से हटाने की मांग की. साथ ही, अखिलेश सिंह को फिर से प्रदेश कांग्रेस की जिम्मेदारी देने की बात कही.
इस प्रदर्शन से खरगे के कार्यक्रम से पहले ही बिहार कांग्रेस के भीतर असंतोष सामने आ गया. एक ओर पार्टी अध्यक्ष के संबोधन में दिए गए बयानों पर चर्चा हुई, तो दूसरी ओर संगठन के नेतृत्व को लेकर कार्यकर्ताओं की नाराजगी भी दिखाई दी.
Also Read: अनंत सिंह की कांग्रेस में होगी एंट्री? अजीत शर्मा बोले- आएंगे तो स्वागत है, खरगे-राहुल लेंगे फैसला
The post पटना में खरगे बोले- उसका बाप भी जाएगा, कांग्रेस अध्यक्ष ने किस पर साधा निशाना? appeared first on Naya Vichar.

