-कार्रवाई के लिए पुलिस लाइन से मंगाया हाइड्रा और उठायी गाड़ी
-चेतावनी, फिर वही गाड़ी अवैध पार्किंग मिली तो होगी बड़ी कार्रवाई
नगर निगम की अतिक्रमण शाखा ने शहर में अवैध पार्किंग के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है. मंगलवार को विशेष अभियान चलाते हुए टीम ने विभिन्न इलाकों में जांच की और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की. इस दौरान जवारीपुर क्षेत्र में अवैध रूप से खड़े दो वाहनों को जब्त किया गया. कार्रवाई के लिए अतिक्रमण शाखा ने पुलिस लाइन से हाइड्रा मंगवाकर वाहनों को उठाया. जब्त किये गये दोनों वाहन मालिकों पर ढाई-ढाई हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया. इसके अलावा अतिक्रमण के लिए दो हजार रुपये अतिरिक्त वसूले गये. इस तरह कुल सात हजार रुपये की वसूली की गयी. वाहन मालिकों को सख्त चेतावनी दी गयी है कि दोबारा अवैध पार्किंग करते पाये जाने पर और कड़ी कार्रवाई की जायेगी.
अवैध पार्किंग पर कार्रवाई और तेज होगी
अतिक्रमण शाखा प्रभारी जयप्रकाश यादव ने बताया कि शहर में अवैध पार्किंग की बढ़ती शिकायतों को देखते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है. सड़क किनारे अनियमित ढंग से खड़े वाहन यातायात व्यवस्था को प्रभावित करते हैं और आम लोगों को परेशानी होती है. ऐसे मामलों में आगे भी नियमित जांच और कार्रवाई चलेगी. नगर निगम ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील भी की है.
The post Bhagalpur News.अवैध पार्किंग पर निगम की सख्ती, दो वाहन जब्त कर वसूला 7 हजार रुपये जुर्माना appeared first on Naya Vichar.

