Jharkhand Municipal Election 2026, रांची : झारखंड में नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के तहत मतदान का दौर सोमवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ. शाम 5 बजे तक आये आंकड़ों के अनुसार राज्य के कई जिलों में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर लोकतंत्र के इस पर्व में भागीदारी निभाई. कई निकायों में मतदान प्रतिशत 60 के पार पहुंच गया, जिससे प्रशासन उत्साहित नजर आया. शाम 5 बजे तक साहेबगंज जिला मतदान के मामले में शीर्ष पर रहा. नगर परिषद साहेबगंज, नगर पंचायत राजमहल और बरहरवा को मिलाकर जिले का औसत मतदान 66.34 प्रतिशत दर्ज किया गया. इसी के बेहद करीब पाकुड़ जिला रहा, जहां कुल मतदान प्रतिशत 66.30 प्रतिशत दर्ज किया गया.
सरायकेला-खरसावां जिले का मतदान प्रतिशत 62.77 फीसदी
सरायकेला-खरसावां जिले में भी मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला. आदित्यपुर नगर निगम, सरायकेला नगर पंचायत और कपाली नगर परिषद को मिलाकर जिले का औसत मतदान 62.77 प्रतिशत रहा. वहीं, देवघर जिले में देवघर नगर निगम और मधुपुर नगर परिषद को मिलाकर औसत मतदान 60.21 प्रतिशत दर्ज किया गया.
Also Read: निकाय चुनाव के दौरान बोकारो में खूनी संघर्ष: चास SDPO पर हमला, फर्जी वोटिंग रोकने पर भड़की भीड़
पश्चिमी सिंहभूम का मतदान प्रतिशत 60.01 फीसदी
पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर और चाईबासा नगर परिषद क्षेत्रों को मिलाकर औसतन 60.01 प्रतिशत मतदान हुआ. दूसरी ओर धनबाद जिले में मतदान अपेक्षाकृत कम रहा. धनबाद नगर निगम और चिरकुंडा नगर परिषद को जोड़कर यहां औसत मतदान 53.99 प्रतिशत दर्ज किया गया. राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के अनुसार, शहरी क्षेत्रों में इस बार मतदान प्रतिशत में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गयी है.
Also Read: पहले मतदान फिर कन्यादान, सरायकेला में वोट डालने के बाद हुई कुमकुम की विदाई
चतरा में 68.88 प्रतिशत मतदान, शांतिपूर्ण संपन्न
चतरा में 7:00 बजे से अपराह्न 5:00 बजे तक मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई. निर्धारित समय तक कुल 68.88 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. सभी मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं. स्त्री, पुरुष एवं युवा मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग किया. लोकतंत्र के इस महापर्व में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सराहनीय रही. निर्वाचन को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारी की गई थी.
लातेहार में समय के साथ बढ़ता रहा मतदान प्रतिशत
लातेहार शहर के लोगों ने शहर की प्रशासन बनाने के लिए जमकर मतदान किया. नगर पंचायत के चुनाव में समय के साथ मतदान का प्रतिशत बढ़ता रहा. सुबह में सभी मतदान केंद्रो पर मतदाताओ की संख्या कम थी, लेकिन समय के साथ लोग अपने घरों से निकले और शहर की प्रशासन बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. सुबह 7 बजे से शहर के सभी 22 मतदान केंद्रो में मतदान प्रारंभ हो गया था. सुबह 7 बजे से 9 बजे तक 12.4 प्रतिशत मतदान हुआ. जबकि 9 से 11 बजे तक 27.1 प्रतिशत, 11 से 1 बजे तक 41.99 प्रतिशत, 1 से 3 बजे तक 55 प्रतिशत और 3 से 5 बजे तक 66.12 प्रतिशत मतदान हुआ.
The post झारखंड निकाय चुनाव संपन्न: कई जिलों में 60% से अधिक वोटिंग, साहेबगंज टॉप पर तो धनबाद रहा पीछे appeared first on Naya Vichar.

