Jharkhand Civic Polls Results: झारखंड में नगर निकाय चुनाव 2026 का आज निर्णायक दिन है. 48 नगर निकायों के लिए हुए मतदान के परिणाम 27 फरवरी 2026 को घोषित किए जाएंगे. सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी और करीब 10 बजे से रुझान आने लगेंगे. इसके साथ ही साफ हो जाएगा कि शहरों की सत्ता की चाबी किसके हाथ में जाएगी और किसके सिर ताज सजेगा.
रांची नगर निगम में कड़ी टक्कर
राजधानी रांची में सबसे ज्यादा नजरें रांची नगर निगम के चुनाव परिणाम पर टिकी हैं. मतगणना सुकुरहुट्टू स्थित ट्रांसपोर्ट नगर परिसर में होगी, जहां प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. देर रात तक अधिकारियों और कर्मियों ने व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया. यहां मतगणना के लिए कुल 246 टेबल लगाए गए हैं. मतों की गिनती 10 कमरों में होगी और प्रत्येक कमरे में 25-25 टेबल की व्यवस्था की गई है. हर टेबल पर गणनाकर्मी के साथ प्रत्याशियों के अधिकृत एजेंट मौजूद रहेंगे. जैसे-जैसे राउंड पूरे होंगे, वैसे-वैसे रुझान स्पष्ट होते जाएंगे. सुरक्षा के लिहाज से भी कड़े इंतजाम किए गए हैं. परिसर में सीसीटीवी कैमरे, बैरिकेडिंग और भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है. प्रवेश केवल पासधारियों को ही मिलेगा और हर व्यक्ति की जांच के बाद ही अंदर जाने की अनुमति दी जा रही है.
मतगणना केंद्र पर सुरक्षा का कड़ा पहरा
नगर निकाय चुनाव की मतगणना को शांतिपूर्ण और पारदर्शी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की है. पूरे परिसर की निगरानी सीसीटीवी से की जा रही है. केवल अधिकृत अभिकर्ताओं को ही प्रवेश की अनुमति है. अध्यक्ष पद की प्रत्याशी रिंकू सिंह गुरुवार को अपने समर्थकों के साथ सक्रिय दिखीं. दोपहर तक तस्वीर काफी हद तक साफ होने की संभावना जताई जा रही है. हालांकि अंतिम परिणाम की औपचारिक घोषणा सभी राउंड की गिनती पूरी होने के बाद ही की जाएगी.
मधुपुर में पांच राउंड में गिनती
मधुपुर नगर परिषद चुनाव की मतगणना प्रखंड के राजाभिठा स्थित स्त्री महाविद्यालय परिसर में होगी. सुबह 8 बजे से शुरू होने वाली इस प्रक्रिया के लिए व्यापक तैयारी की गई है. 46 मतदान केंद्रों के वोटों की गिनती 10 टेबल पर पांच चक्रों में होगी. मतगणना के लिए 10 गणना पर्यवेक्षक, 10 प्रथम गणना सहायक और 10 द्वितीय गणना सहायक सहित कुल 30 कर्मियों की तैनाती की गई है. आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए 50 प्रतिशत अतिरिक्त कर्मी भी लगाए गए हैं. अतिरिक्त टेबल के लिए 69 कर्मी तैयार रखे गए हैं. सुरक्षा के लिए दो-स्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है. सशस्त्र बलों को तीन पालियों में तैनात किया गया है. पहचान पत्र दिखाने के बाद ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी.
हजारीबाग में छह हॉल में मतगणना
हजारीबाग नगर निगम चुनाव में महापौर और वार्ड पार्षद पद के लिए डाले गए मतों की गणना कृषि उत्पादन बाजार समिति परिसर में बने छह अलग-अलग हॉल में की जाएगी. सुबह 8 बजे से मतगणना एक साथ शुरू होगी. कुल 36 वार्डों की मतगणना छह हॉल में की जाएगी. हॉल संख्या एक में वार्ड 1 से 6 के लिए 15 टेबल, हॉल दो में वार्ड 7 से 12 के लिए 14 टेबल, हॉल तीन में वार्ड 13 से 18 के लिए 13 टेबल, हॉल चार में वार्ड 19 से 24 के लिए 14 टेबल, हॉल पांच में वार्ड 25 से 30 के लिए 14 टेबल और हॉल छह में वार्ड 31 से 36 के लिए 15 टेबल लगाए गए हैं. महापौर पद की मतगणना के लिए अतिरिक्त सहायक निर्वाची पदाधिकारियों की भी नियुक्ति की गई है, ताकि प्रक्रिया समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरी हो सके.
चतरा में तीन राउंड में फैसला
चतरा नगर परिषद चुनाव की मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू होगी. यहां 14 टेबल बनाए गए हैं और बैलेट पेपर की गिनती तीन राउंड में पूरी की जाएगी. दोपहर तक परिणाम आने की संभावना जताई गई है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त कीर्तिश्री जी ने मतगणना केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. प्रवेश और निकास द्वार, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी और अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की समीक्षा की गई. स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि अनधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा.
इसे भी पढ़ें: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जगन्नाथ मंदिर की रखी आधारशिला, कहा- अब ‘जमशेदपुर बिहारी’ हुए प्रभु
दोपहर तक साफ होगी तस्वीर
झारखंड के 48 नगर निकायों में आज लोकतंत्र का नया अध्याय लिखा जाएगा. सुबह 10 बजे से रुझान आने शुरू होंगे और दोपहर तक कई सीटों की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी. हालांकि आधिकारिक परिणाम सभी राउंड की गिनती के बाद ही घोषित किए जाएंगे. अब सबकी नजरें मतगणना केंद्रों पर टिकी हैं. ईवीएम में बंद प्रत्याशियों की किस्मत कुछ ही घंटों में खुलने वाली है. जनता ने अपना फैसला दे दिया है, आज उसी फैसले की घोषणा का दिन है. किसके सिर सजेगा ताज और कौन रहेगा पीछे, इसका जवाब अब बस कुछ घंटों में मिल जाएगा.
इसे भी पढ़ें: निकाय चुनाव मतगणना से पहले सारंडा में नक्सलियों की साजिश नाकाम, सुरक्षा बलों ने आईईडी किया बरामद
The post किसके सिर सजेगा ताज, फैसला आज! झारखंड निकाय चुनाव की मतगणना कुछ देर में होगी शुरू appeared first on Naya Vichar.

