Tiger Shroff Firing Case: टाइगर श्रॉफ पर गोलियां चलाने के बाद तीनों आरोपी देश छोड़कर भागने की पूरी तैयारी में थे. राजस्थान की कोटा पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे ट्रेन से पहले दिल्ली जाते और फिर वहां से नेपाल भागने वाले थे. आइए आपको बताते हैं कि इस पूरे मामले में अब तक क्या-क्या हुआ है.
कोटा स्टेशन पर ऐसे बिछाया गया जाल
कोटा की एसपी तेजस्वनी गौतम ने एएनआई (ANI) से बातचीत में बताया कि पुलिस को सुबह करीब 9:45 बजे इनपुट मिला था. समाचार थी कि फायरिंग में शामिल आरोपी पुणे-जयपुर एक्सप्रेस ट्रेन में सवार हैं. सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया.
कोटा रेलवे स्टेशन के सभी गेट, प्लेटफॉर्म और आने-जाने वाले रास्तों को चारों तरफ से घेर लिया गया. जैसे ही ट्रेन प्लेटफॉर्म पर आकर रुकी, पुलिस ने तेजी से तलाशी ली और तीनों को मौके पर ही दबोच लिया.
मजदूरी करते हैं आरोपी, एक निकला रैपिडो राइडर
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आरोपियों के काम को लेकर भी जानकारी सामने आई है. पकड़े गए लोगों में से एक आरोपी रैपिडो राइडर के तौर पर काम करता है. वहीं मुख्य आरोपी रेहान और उसके साथ पकड़ा गया एक नाबालिग हरियाणा के सोनीपत में मजदूरी करते थे.
ये भी पढ़ें: टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में कोटा पुलिस ने 15 मिनट में पकड़े 3 आरोपी, बिहार का युवक भी शामिल
रेहान के लगातार संपर्क में था अनिल पंडित
पूछताछ में सबसे चौंकाने वाली बात आरोपी रेहान को लेकर सामने आई है. कोटा पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी रेहान पहले से ही अनिल पंडित नाम के शख्स के सीधे कॉन्टैक्ट में था. अब पुलिस इस बात की गहराई से पड़ताल कर रही है कि फायरिंग की इस पूरी साजिश में अनिल पंडित का क्या रोल था.
क्या उसी के कहने पर यह हमला हुआ या फिर उसी ने आरोपियों को हथियार और भागने का पूरा प्लान बनाकर दिया था.
मुंबई पुलिस को सौंपे गए आरोपी
मामले की जांच आगे बढ़ाने के लिए मुंबई पुलिस की टीम भी कोटा पहुंच चुकी है. कोटा पुलिस तीनों आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर मुंबई पुलिस के हवाले कर रही है. अब पुलिस रिमांड में लेकर यह पता लगाएगी कि इस पूरी फायरिंग का असली मास्टरमाइंड कौन था और अनिल पंडित का इस वारदात से क्या लेना-देना है.
The post टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: देश छोड़कर भागने की फिराक में थे तीनों शूटर, अनिल पंडित के संपर्क में था आरोपी रेहान appeared first on Naya Vichar.

