Power Plant Blast in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में मंगलवार (13 अप्रैल) को वेदांता पाववर प्लांट के बॉयलर में हुए विस्फोट में 9 मजदूरों की मौत हो गई. हादसे में 15 मजदूर घायल हुए हैं. पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि घटना जिले के डभरा थाना क्षेत्र के सिंघीतराई गांव में हुई जहां वेदांता कंपनी के पावर प्लांट के बॉयलर के ट्यूब में विस्फोट हो गया.
छत्तीसगढ़ | शक्ति जिले के SP प्रफुल्ल ठाकुर ने कहा, “शक्ति जिले के सिंघी तराई इलाके में वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर फटने से 9 लोगों की मौत हो गई और 15 घायल हो गए। घायलों को रायगढ़ के अस्पताल ले जाया गया है।”
— ANI_HindiNews (@AHindinews) April 14, 2026
राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर गहरा दुख जताया है. उन्होंने कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा. मीडिया से बात करते हुए सीएम साय ने कहा- यह बहुत ही दुखद हादसा है. भगवान मृतकों की आत्मा को शांति दें. दुख की घड़ी में हमारी संवेदना उनके परिवार के साथ है. इस हादसे की जांच होगी और जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
तीन मजदूरों ने घटना स्थल पर ही तोड़ा दम
पुलिस अधीक्षक ने यह भी कहा कि जिस वक्त यह हादसा हुआ उस समय वहां काफी संख्या में मजदूर काम कर रहे थे. अधिकारी ने बताया कि तीन श्रमिकों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई. बाती छह मजदूरों की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई. घटना में घायल 15 मजदूरों को रायगढ़ के एक अस्पताल भर्ती कराया गया है. इनमें कुछ की हालत गंभीर है. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दल मौके पर पहुंची और वहां से मजदूरों को बाहर निकाला.
पुलिस कर रही है घटना की जांच
प्रफुल्ल ठाकुर ने कहा कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. जांच के बाद इस संबंध में कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि प्लांट में बड़ी संख्या में पुलिस दल को तैनात किया गया है. वेदांता पावर प्लांट के प्रवक्ता ने घटना पर कहा- आज (मंगलवार) दोपहर को सिंघीतराई संयंत्र की एक बॉयलर यूनिट में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई, जिसमें यूनिट का संचालन और रखरखाव करने वाले उप-ठेकेदार एनजीएसएल के कर्मचारी शामिल थे. हमारी पहली प्राथमिकता यह तय करना है कि प्रभावित सभी लोगों को सबसे बेहतर इलाज मिले.
The post छत्तीसगढ़ के वेदांता पावर प्लांट में ब्लास्ट, 9 मजदूरों की मौत, बॉयलर फटने से हुआ हादसा appeared first on Naya Vichar.

