रांची से प्रणव सिंह की रिपोर्ट
Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र से मांस का टुकड़ा नाले से बरामद किया गया है. बताया जा रहा है कि स्पोर्ट्सगांव स्टेडियम के सामने स्थित गाड़ी गांव के नाले से मांस का टुकड़ा मिला है. हालांकि, पुलिस ने अभी इस बात की पुष्टि नहीं की है कि मांस का टुकड़ा किसका है. शव का टुकड़ा मिलने के बाद पुलिस के अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई है.
रविवार से लापता अदिति पांडेय को तलाश रही पुलिस
बताते चलें कि रांची के कोकर इंडस्ट्रियल एरिया के समीप खोरहा टोली से 18 महीने की बच्ची अदिति पांडेय भी लापता है. बच्ची अचानक घर के पास से गायब होने के बाद परिजनों ने काफी खोजबीन की. लेकिन, उसका कोई सुराग नहीं मिला. बाद में सदर थाना में इसकी शिकायत दर्ज कराई गई. पुलिस ने मामला दर्ज करते ही बच्ची की तलाश शुरू कर दी है.
घटना के बाद से इलाके में दहशत
खोरहा टोली से बच्ची के लापता होने के बाद से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है. सोशल मीडिया के माध्यम से भी बच्ची की तस्वीर और जानकारी तेजी से साझा की जा रही है, ताकि जल्द से जल्द उसका पता लगाया जा सके.
मुख्यमंत्री ने दिए थे सख्त निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी पुलिस अधिकारियों को बच्ची को हर हाल में खोज निकालने का निर्देश दिया है. प्रशासन की ओर से बच्ची को खोजने या उसके बारे में सूचना देने वाले व्यक्ति के लिए 50 हजार रुपये के इनाम की घोषणा भी की गई है. मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले को प्राथमिकता देते हुए बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया. इलाके में लगातार छापेमारी और खोज अभियान चलाया जा रहा था.
एनडीआरएफ और पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन
पुलिस के साथ-साथ एनडीआरएफ की टीम भी बच्ची की तलाश में जुटी हुई थी. आसपास के इलाकों, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया. इसी दौरान स्पोर्ट्सगांव स्टेडियम के सामने गाड़ी गांव के पास स्थित नाले से बच्ची के शव का अवशेष बरामद हुआ. शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बच्ची बारिश के दौरान नाले में बह गई थी या फिर घटना के पीछे कोई और कारण है.
इसे भी पढ़ें: हजारीबाग में कब्रिस्तानों की होगी घेराबंदी, सौंदर्यीकरण पर 10 करोड़ खर्च
कई एंगल से जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है. इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में भय और दुख का माहौल है. स्थानीय लोग प्रशासन से बच्चों की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं.
इसे भी पढ़ें: रजरप्पा डकैती कांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी, जमीन में छिपाए गए जेवरात बरामद
The post गाड़ीगांव के नाले से मिला मांस का टुकड़ा, जांच में जुटी पुलिस appeared first on Naya Vichar.

