सिमडेगा से रविकांत साहू की रिपोर्ट
Simdega Crime News, सिमडेगा: महाराष्ट्र के नागपुर ग्रामीण पुलिस की नारकोटिक्स विरोधी टीम और सिमडेगा पुलिस ने एक बेहद गोपनीय और साझा ऑपरेशन चलाकर अंतरराज्यीय अफीम तस्करी के एक बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है. इस हाई-प्रोफाइल कार्रवाई में पुलिस ने सिमडेगा के प्रसिद्ध ‘होटल अंतरा’ के मालिक मनीष कुमार के घर पर छापेमारी कर 33.767 किलोग्राम अवैध अफीम और 23,35,000 रुपये नकद (कैश) बरामद किए हैं. इसके अलावा ड्रग्स की रीटेल पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी जब्त किए गए हैं. पुलिस द्वारा जब्त किए गए कुल माल की अंतरराष्ट्रीय/बाजार कीमत 1,92,21,500 रुपये (करीब दो करोड़) आंकी गई है. पुलिस ने मुख्य आरोपी मनीष कुमार को गिरफ्तार कर लिया है.
ट्रक ड्राइवर की गिरफ्तारी से खुला सिमडेगा का ‘कनेक्शन’
इस पूरे सनसनीखेज मामले की शुरुआत 20 मई को महाराष्ट्र में हुई. नागपुर ग्रामीण की नारकोटिक्स विरोधी टीम गश्त (पेट्रोलिंग) पर थी, तभी संदेह के आधार पर एक ट्रक चालक को रोककर उसकी तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान उसके पास से 237.17 ग्राम अफीम बरामद हुई. इस मामले में नागपुर ग्रामीण के उमरेड थाने में कांड संख्या 498/26 के तहत एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई. पुलिस रिमांड के दौरान जब ट्रक ड्राइवर से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया. उसने बताया कि यह अफीम झारखंड के सिमडेगा स्थित ‘होटल अंतरा’ से खरीदी थी और उसके कई अन्य साथी भी इसी होटल से अफीम की खेप लेकर देश के अलग-अलग राज्यों में सप्लाई करते हैं.
Also Read: रात की आंधी ने मचाई तबाही, महागामा और हनवारा में कई घर क्षतिग्रस्त, सड़कें हुईं जाम
सिमडेगा में गोपनीय जांच के बाद हुई छापेमारी
ट्रक ड्राइवर से मिले इस पुख्ता इनपुट के बाद नागपुर ग्रामीण की एनडीपीएस टीम और उमरेड थाना पुलिस आरोपी को साथ लेकर 24 मई को सिमडेगा पहुंची. सिमडेगा पुलिस अधीक्षक (SP) के निर्देश पर स्थानीय पुलिस के सहयोग से एक बेहद गोपनीय जाल बिछाया गया. जांच के दौरान नागपुर से लाए गए आरोपी ड्राइवर ने होटल अंतरा के मालिक मनीष कुमार (उम्र 46 वर्ष, पिता- अंबिका प्रसाद, निवासी- भंडारटोली, थाना ठेठईटांगर) की पहचान की, जिसने उसे अफीम बेची थी. पहचान सुनिश्चित होते ही संयुक्त पुलिस टीम ने मनीष कुमार के भंडारटोली स्थित घर पर धावा बोल दिया. सघन तलाशी के दौरान घर के अंदर और घर के ठीक पीछे बाड़ी में छिपाकर रखी गई कुल 33.767 किलोग्राम अफीम बरामद की गई, जिसकी प्रशासनी कीमत करीब 1,68,83,500 रुपये है.
इलेक्ट्रॉनिक कांटा और पैकेजिंग मैटेरियल भी बरामद
अफीम और मोटी नकदी के अलावा पुलिस को मनीष कुमार के ठिकाने से अफीम को तौलने वाला इलेक्ट्रॉनिक वजन कांटा, प्लास्टिक की पारदर्शी पॉलिथीन और भारी मात्रा में रबर बैंड मिले हैं, जिससे साफ होता है कि यहां से अफीम को छोटे-छोटे पैकेट में पैक कर खुदरा (Retail) बेचा जाता था. स्वतंत्र गवाहों (पंचों) की मौजूदगी में कुल 1.92 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त कर सूची बनाई गई. एसडीपीओ (SDPO) धर्मदेव पासवान ने अधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि इस पूरे सफल छापेमारी अभियान में नागपुर ग्रामीण की एनडीपीएस टीम के साथ सिमडेगा थाना और ठेठईटांगर थाना पुलिस की संयुक्त और बेहद सराहनीय भूमिका रही. गिरफ्तार आरोपी होटल संचालक को महाराष्ट्र पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ ले गई है और आगे के नेटवर्क को खंगाल रही है.
Also Read: लावालौंग में 18 लाख का अफीम डोडा और पोस्ता बरामद, पुलिस को देखकर फरार हुए तस्कर
The post झारखंड में महाराष्ट्र पुलिस की बड़ी रेड, करोड़ों की अफीम के साथ होटल मालिक को ले गई टीम appeared first on Naya Vichar.

