Hot News

ग्रेटर नोएडा: स्लीपर बस में लगी भयंकर आग, 9 लोगों की जलकर मौत; PM मोदी ने मुआवजे का किया ऐलान

ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक स्लीपर बस में भीषण आग लगने से 9 यात्रियों की जलकर मौत हो गई. हादसे में करीब 26 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. घटना जेवर थाना क्षेत्र की है. पुलिस के अनुसार, बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से उत्तर प्रदेश के महोबा जा रही थी. हादसे के समय बस में करीब 35 यात्री सवार थे. इनमें कुछ यात्री सो रहे थे.

आग लगने के बाद बस में धुआं भर गया. कुछ यात्री बेहोश हो गए. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत ठीक बताई जा रही है.

दमकल, पुलिस और जिला प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया. बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला गया. इसके अलावा गैस कटर की मदद से बस के हिस्से काटकर फंसे यात्रियों और शवों को बाहर निकाला गया.

पुलिस के मुताबिक, कुछ मृतकों की पहचान हो गई है. अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है. पुलिस बस में आग लगने के कारणों की जांच कर रही है.

पीएम मोदी ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्रेटर नोएडा में बस में आग लगने की घटना में हुई मौतों पर दुख जताया है. उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की.

प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है. वहीं, हादसे में घायल लोगों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे.

PMO ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा कि उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में बस में आग लगने की घटना में लोगों की मौत की समाचार सुनकर प्रधानमंत्री को दुख हुआ. उन्होंने अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी जताया दुख

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए इस हादसे पर दुख जताया है. उन्होंने घटना में लोगों की मौत को बेहद पीड़ादायक बताया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की.

राष्ट्रपति ने ‘एक्स’ पर कहा कि उत्तर प्रदेश में यमुना एक्सप्रेसवे पर बस में लगी आग में लोगों की मौत का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है. उन्होंने हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना भी की.

मुख्यमंत्री योगी ने भी किया मुआवजे का ऐलान

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी घटना का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है.

उन्होंने अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने और मृतकों के परिजनों से संपर्क कर उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं.

ये भी पढ़ें: जमशेदपुर में भीषण सड़क हादसा: ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय की बेटी की मौत, मंत्री इरफान अंसारी ने जताया दुख

The post ग्रेटर नोएडा: स्लीपर बस में लगी भयंकर आग, 9 लोगों की जलकर मौत; PM मोदी ने मुआवजे का किया ऐलान appeared first on Naya Vichar.

Spread the love

विनोद झा
संपादक नया विचार

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top