Fridge Energy Saving Tips: घर में मौजूद सभी इलेक्ट्रॉनिक सामानों में फ्रिज ही एक ऐसा अप्लायंस है जो कभी बंद नहीं होता. दिन हो या रात, यह 24 घंटे लगातार चलता रहता है. यही वजह है कि कई बार यह चुपचाप बिजली का बिल काफी बढ़ा देता है. लेकिन अच्छी बात यह है कि फ्रिज की बिजली खपत कम करने के लिए आपको नया फ्रिज खरीदने या कूलिंग से समझौता करने की जरूरत नहीं है. बस अपनी कुछ छोटी-छोटी आदतों में बदलाव और थोड़ी-बहुत रेगुलर देखभाल करके आप बड़ा फर्क ला सकते हैं. तो बिना समय गंवाए आइए जानते हैं वे आसान टिप्स, जिनकी मदद से आप अपने फ्रिज का बिजली खर्च कम कर सकते हैं.
सही टेम्परेचर सेट करें
सबसे पहले फ्रिज की टेम्परेचर सेटिंग सही रखना बेहद जरूरी है. हिंदुस्तान के ज्यादातर घरों में फ्रिज के फ्रेश फूड सेक्शन के लिए 3°C से 5°C का टेम्परेचर सबसे बेहतर माना जाता है, जबकि फ्रीजर को करीब -18°C पर रखना सही रहता है. जरूरत से ज्यादा कम टेम्परेचर रखने पर फ्रिज का कंप्रेसर बेवजह ज्यादा मेहनत करता है. इसलिए बार-बार टेम्परेचर बदलने की बजाय उसे एक सही रेंज में सेट करके छोड़ देना ही सबसे सही तरीका रहता है.
फ्रिज की सही प्लेसमेंट बहुत जरूरी है
कई घरों में फ्रिज को बस जहां जगह मिल जाए, वहीं रख दिया जाता है. लेकिन सच ये है कि किचन में फ्रिज की सही जगह उसके काम करने के तरीके और बिजली की खपत पर सीधा असर डालती है. इसलिए कोशिश करें कि फ्रिज को गैस स्टोव या ओवन जैसी गर्म चीजों के बिल्कुल पास न रखें. अगर फ्रिज लगातार गर्मी के कॉन्टैक्ट में रहेगा, तो उसके कंप्रेसर को ज्यादा मेहनत करनी पड़ेगी. साथ ही, फ्रिज के किनारों और पीछे कम से कम 5-10 सेंटीमीटर की जगह जरूर छोड़ें. इससे अंदर की गर्मी आसानी से बाहर निकल पाती है और फ्रिज को सांस लेने की जगह मिलती है.
यह भी पढ़ें: चिलचिलाती गर्मी में फ्रिज का कंप्रेसर हो सकता है ब्लास्ट, जानें ओवरहीटिंग से बचाने के उपाय
दरवाजे की रबर सील को सही हालत में रखें
फ्रिज के दरवाजे के किनारे लगी रबर सील (गैस्केट) को लोग सबसे ज्यादा इग्नोर करते हैं. लेकिन सच मानिए, यही छोटा सा हिस्सा फ्रिज की कूलिंग और बिजली बचाने में बड़ा रोल निभाता है. जैसे ही यह ढीली या खराब होने लगती है, ठंडी हवा बाहर निकलने लगती है और बाहर की गर्म हवा अंदर आने लगती है. इसका सीधा असर फ्रिज के कंप्रेसर पर पड़ता है, जिसे ज्यादा देर तक काम करना पड़ता है. इसलिए हर दो-तीन महीने में इस रबर सील को हल्के गर्म साबुन वाले पानी से साफ करते रहना चाहिए.
रेगुलर डीफ्रॉस्टिंग करें
फ्रिज में जमी बर्फ बिजली की खपत बढ़ाने का बड़ा कारण होती है. जब फ्रीजर के अंदर करीब 5mm से ज्यादा मोटी बर्फ जम जाती है, तो वह इंसुलेशन की तरह काम करने लगती है. ऐसे में फ्रिज को अंदर तक ठंडक पहुंचाने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, जिससे बिजली की खपत भी बढ़ जाती है. अगर आपके फ्रिज में ऑटो-डीफ्रॉस्ट फीचर नहीं है, तो समय-समय पर मैनुअल डीफ्रॉस्ट बटन का इस्तेमाल करना काफी जरूरी हो जाता है. इससे ना सिर्फ बर्फ हटती है, बल्कि आपका फ्रिज ज्यादा बेहतर तरीके से और कम बिजली में काम करता है.
यह भी पढ़ें: फ्रिज के पीछे लगी कॉइल्स क्या काम करती हैं? जानें इन्हें कब और कितनी बार साफ करना चाहिए?
The post बिना कूलिंग कम किए फ्रिज का बिजली बिल कैसे घटाएं? बार ध्यान में रखें ये छोटी-छोटी बातें appeared first on Naya Vichar.

