पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में अब एक नया मोड़ आ गया है. पुलिस को शक है कि उनकी मंगेतर सिया गोयल इस शादी के लिए तैयार नहीं थी. इससे मामले ने नया मोड़ ले लिया है. न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि आरोपी युवती कथित तौर पर शादी के लिए मानसिक रूप से तैयार नहीं थी और परिवार के दबाव में इस रिश्ते को स्वीकार कर रही थी. अधिकारी ने बताया कि केतन अग्रवाल की मौत के मामले में जांच जारी है और पुलिस हर पहलू की पड़ताल कर रही है.
खाई में गिरने से केतन अग्रवाल की हुई मौत
पुलिस के मुताबिक, 18 जून को पुणे के पास लोहागढ़ किले में खाई में गिरने से केतन अग्रवाल की मौत हुई थी. हालांकि अब जांच में आरोप सामने आया है कि यह हादसा नहीं, बल्कि साजिश थी. पुलिस का दावा है कि सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर केतन को खाई में धक्का दिया था. जांच अधिकारियों के मुताबिक, सिया और चेतन ने कथित तौर पर केतन को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया. यही नहीं घटना को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की. पुलिस अब इस पूरे मामले के हर पहलू की जांच कर रही है, जिसमें दोनों आरोपियों के बीच संबंध, बातचीत और घटना से पहले की गतिविधियां शामिल हैं.
यह भी पढ़ें : पुणे मर्डर : परिवार के एक शक से खुल गई पोल, केतन की मौत का सच आया सामने
पुलिस ने इस मामले में सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 29 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया. इस दौरान पुलिस दोनों से पूछताछ कर मामले की साजिश और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.
दोनों की शादी होने वाली थी नवंबर में
केतन अग्रवाल पुणे के गहुंजे इलाके के रहने वाले थे और अपने परिवार के रियल एस्टेट कारोबार ‘सक्सेस ग्रुप’ में निदेशक और चीफ मार्केटिंग ऑफिसर की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. 18 जून को वह अपनी मंगेतर सिया गोयल का जन्मदिन मनाने लोहागढ़ किले गए थे. दोनों की शादी नवंबर में होने वाली थी. पुलिस के मुताबिक, शादी के लिए राजस्थान के एक महल की कई करोड़ रुपये में बुकिंग की गई थी और मेहमानों के लिए दो प्राइवेट जेट भी तय किए गए थे.
The post शादी का दबाव बना हत्या की वजह? पुणे केस में सिया को लेकर खुलासा appeared first on Naya Vichar.

