पुलिस जांच में पता चला है कि केतन अग्रवाल की मौत वाले दिन हत्या का आरोपी चेतन चौधरी करीब 640 मिनट तक जानबूझकर ऑफलाइन रहा था. जांचकर्ताओं का मानना है कि वह अपनी लोकेशन और एक्टिविटी छिपाने की कोशिश कर रहा था. हालांकि, यही रणनीति उसके लिए उलटी पड़ गई. पुलिस को इस दौरान मिले टेक्निकल क्लू से कथित साजिश में उसकी भूमिका का पता लगाने में अहम मदद मिली.
महाराष्ट्र के पुणे की रहने वाली 20 वर्षीय सिया गोयल पर गंभीर आरोप लगे हैं. पुलिस के अनुसार, 18 जून को लोनावला के पास लोहागढ़ किले की ट्रेकिंग के दौरान केतन अग्रवाल को खाई में धक्का दिया गया. केतन सिया का मंगेतर था. इस मामले में 22 वर्षीय चेतन चौधरी का नाम भी सामने आया है. पुलिस का दावा है कि चेतन ने सिया का साथ दिया. जांच में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात भी कही गई है.
पुलिस को गुमराह करने के लिए चेतन ने क्या किया?
पुलिस के मुताबिक, 18 जून की सुबह करीब 7 बजे चेतन चौधरी ने अपने मोबाइल का इंटरनेट बंद कर दिया था. वह शाम 5:40 बजे तक ऑफलाइन रहा. जांच में दावा किया गया है कि उसने जानबूझकर अपना फोन दुकान पर छोड़ दिया था. इसके बजाय वह अपने एक कर्मचारी का मोबाइल साथ लेकर गया था. पुलिस का मानना है कि उसने अपनी लोकेशन छिपाने और जांच एजेंसियों को गुमराह करने के लिए ऐसा किया था.
यह भी पढ़ें : पुणे मर्डर: क्या सिया करती थी ड्रिंक? मां बोली- दोषी है तो बेटी को उसी जगह से धक्का दे दिया जाए
हालांकि, चेतन की यह चाल उसी पर भारी पड़ गई. पुलिस के अनुसार, करीब 640 मिनट तक उसका अचानक डिजिटल वर्ल्ड से गायब रहना ही जांचकर्ताओं के लिए शक की बड़ी वजह बन गया. इसी एबनॉर्मल एक्टिविटी ने पुलिस का ध्यान उसकी ओर खींचा और जांच को नई दिशा मिली.
पुलिस ने कर्मचारी को थाने में बुलाया और बयान दर्ज किया
इसके बाद जांच अधिकारियों ने उस दौरान चेतन के फोन पर आई हर कॉल की जांच शुरू की. पुलिस के मुताबिक, सभी कॉल करने वालों ने एक जैसी बात बताई. उन्होंने कहा कि कॉल तो रिसीव हो रही थी, लेकिन उनकी चेतन से बात नहीं हो रही थी. फोन उसकी दुकान में काम करने वाले कर्मचारी उठा रहे थे. इसके बाद बुधवार को पुलिस ने उस कर्मचारी को थाने बुलाकर उसका बयान दर्ज किया.
सिया और चेतन के कॉल डिटेल से क्या पता चला
जांच के दौरान पुलिस ने सिया गोयल और चेतन चौधरी के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) भी खंगाले. पुणे ग्रामीण पुलिस के अनुसार, इन रिकॉर्ड्स से दोनों के बीच लगातार बातचीत के सबूत मिले. इसी आधार पर जांचकर्ताओं को उनके प्रेम संबंध का पता चला.
The post पुणे मर्डर : 640 मिनट का ‘ऑफलाइन प्लान’ और ऐसे फंस गया चेतन appeared first on Naya Vichar.

