रजनीकांत पांडेय
Navya Chakra Director Amit Dixit Exclusive Interview: नये चेहरों से सजी साइको थ्रिलर फिल्म ‘नव्यचक्र’ 26 जून को रिलीज हो गई है. रिलीज से पहले ही यह फिल्म रांची, पटना, पुणे और लखनऊ जैसे प्रमुख शहरों में किये गये ग्रैंड प्रमोशन के चलते दर्शकों में खासा उत्साह जगाने में कामयाब रही थी. इसी कड़ी में फिल्म के डायरेक्टर अमित दीक्षित ने ‘नया विचार’ से खास बातचीत की और फिल्म के निर्माण से जुड़ी कई दिलचस्प बातें साझा कीं.
अमित दीक्षित बोले- ढाई करोड़ के बजट में बनी फीचर फिल्म
निर्देशक अमित दीक्षित ने बताया कि वे शुरुआत में इस कहानी को एक वेब सीरीज के रूप में पेश करना चाहते थे. हालांकि, ढाई करोड़ रुपये का छोटा बजट होने के कारण बाद में इसे फीचर फिल्म के तौर पर लाना सही लगा. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वे इसे बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ एक कमर्शियल सिनेमा के तौर पर नहीं देखते. उनका मुख्य उद्देश्य एक क्रिएटिव अप्रोच के साथ दर्शकों तक एक बेहतरीन कहानी पहुंचाना था, जिस मकसद में वे सफल रहे. फिल्म का बजट भले ही छोटा है और कलाकार नये हैं, लेकिन मनोरंजन के मामले में यह बेहद दमदार है. इसकी पूरी शूटिंग उत्तराखंड की खूबसूरत वादियों और लोकेशंस पर की गयी है.
नव्यचक्र, मर्डर मिस्ट्री पर है आधारित
फिल्म की कहानी पर से पर्दा उठाते हुए निर्देशक अमित दीक्षित ने बताया कि ‘नव्यचक्र’ विभिन्न राज्यों में सिलसिलेवार बेरहमी से होने वाले मर्डर केस की मिस्ट्री पर आधारित है. सबसे बड़ा सस्पेंस यह है कि मारे गये पीड़ितों और कातिलों के बीच कोई सीधा संबंध नजर नहीं आता. देखते ही देखते यह पूरा मामला नेशनल मीडिया में छा जाता है, जिसकी गुत्थी को सुलझाने के लिए एक विशेष जांच टीम का गठन होता है. डायरेक्टर के मुताबिक, जैसे-जैसे पुलिस की यह जांच हकीकत के करीब पहुंचती है, वैसे-वैसे अपराध और साजिश का दायरा गहराता चला जाता है. यह कहानी दर्शकों को एक ऐसे मोड़ पर लाकर खड़ा करती है, जो उनकी कल्पना से कहीं अधिक भयानक और हैरान करने वाला है. सिनेमाघरों में फिल्म को दर्शकों की खूब सराहना मिल रही है.
नव्यचक्र, युवा क्रू मेंबर्स और नये कलाकारों से सजी
एक और बड़ी खासियत यह है कि अमित दीक्षित के साथ सभी क्रू मेंबर्स भी युवा हैं, जो एक बेहतरीन कहानी के दम पर सिल्वर स्क्रीन पर अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. युवा तकनीकी टीम में सह-निर्माता अजित पडवालकर, लेखक रोहित यादव और प्रोडक्शन हेड कुंज शर्मा के साथ अभिषेक दुबे आदि शामिल हैं, जिन्होंने पर्दे के पीछे कड़ी मेहनत की है. वहीं, अभिनय की बात करें तो मुख्य किरदारों को जितेंद्र बोहरा, तुषार कावले, जेसिका यादव और प्रतीक्षा सिंह ने निभाया है, जिनकी अदाकारी बेहद शानदार है. सह-कलाकारों के रूप में क्षितिज पवार, संध्या आर गेमावत, संदीप ओंकार और कैलाश चौधरी ने भी अपनी सराहनीय एक्टिंग से इस सस्पेंस-थ्रिलर कहानी में जान फूंक दी है. बेहतरीन सस्पेंस और नये दौर के सिनेमा का अनुभव लेने के लिए आप अपने नजदीकी सिनेमाघरों में इस फिल्म का लुत्फ उठा सकते हैं.
यह भी पढ़ें- डर रहता था कि काम मिलेगा या नहीं… इंडस्ट्री में 26 साल बिताने के बाद ऐसा क्यों बोले अभिषेक बच्चन
यह भी पढ़ें- क्या गोविंदा बनने वाले थे ‘तारा सिंह’, अनिल शर्मा ने सालों पुरानी बहस पर लगाया फुलस्टॉप, कही ये बात
The post सस्पेंस-थ्रिलर फिल्म ‘नव्यचक्र’ छोटे बजट में बड़ा धमाका, डायरेक्टर बोले- मर्डर केस की मिस्ट्री पर आधारित appeared first on Naya Vichar.

