नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा 29 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली अधिनायक अनुदेशक प्रारंभिक लिखित प्रतियोगिता परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सोमवार को समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा एवं पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से समीक्षा बैठक कर सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों एवं अन्य अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं, पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था तथा पारदर्शी परीक्षा संचालन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, असामाजिक तत्वों एवं कदाचार फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखने तथा परीक्षा अवधि के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने अभ्यर्थियों के सुरक्षित एवं सुगम प्रवेश-निकास की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
जिले में आयोजित होने वाली इस परीक्षा में कुल 6,576 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा के सफल संचालन के लिए 3 उड़न दस्ता दल, 8 जोनल दंडाधिकारी तथा 14 स्टैटिक मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गई है।
उड़न दस्ता दलों में नगर आयुक्त ज्ञान प्रकाश, बंदोबस्त पदाधिकारी विजय कुमार तथा जिला पंचायत राज पदाधिकारी विष्णु देव मंडल को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन्हें परीक्षा अवधि के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों का नियमित निरीक्षण कर आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन की निगरानी करने का दायित्व दिया गया है।
बैठक में उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) राजेश सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी समस्तीपुर, जिला स्तरीय पदाधिकारी तथा सभी परीक्षा केंद्रों के केंद्राधीक्षक उपस्थित थे। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के निर्देश दिए गए।
