डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार (3 अगस्त) को कहा कि ईरान के साथ बातचीत अभी भी जारी है और यह बातचीत खुद ईरान की पहल पर हो रही है. उन्होंने चेतावनी दी कि परमाणु समझौता करने का यह ईरान के लिए आखिरी मौका हो सकता है. ट्रंप ने दावा किया कि सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और कतर भी इस समझौते के पक्ष में हैं. हालांकि, ईरान लगातार कहता रहा है कि अमेरिका के साथ उसकी कोई सीधी बातचीत नहीं चल रही है.
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “मुझे लगता है कि समझौते की संभावना अभी भी है और मैं ईरान को आखिरी मौका देना चाहता हूं. लेकिन अगर बात नहीं बनी, तो हमारे सैन्य विकल्प तैयार हैं. योजना अभी भी बनी हुई है. उम्मीद है कि ईरान समय रहते समझदारी दिखाएगा और समझौते के लिए आगे आएगा.”
होर्मुज स्ट्रेट को पूरी तरह खोलने पर होगी चर्चा
ट्रंप ने दावा किया कि ईरान ने सैन्य कार्रवाई से बचने के लिए अमेरिका से समझौते की पहल की है. उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच बातचीत तेजी से आगे बढ़ सकती है. ट्रंप के मुताबिक, पहले होर्मुज स्ट्रेट को पूरी तरह खोलने पर चर्चा होगी. इसके बाद अगले चरण में ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर बातचीत की जाएगी.
ये भी पढ़ें: मिडटर्म चुनाव से ट्रंप की बढ़ी चिंता ! अब 2028 की सत्ता की बिसात बिछाने में जुटे
ट्रंप ने कहा, “ईरान के अनुरोध पर अभी बातचीत चल रही है. लेकिन अगर इस बार समझौता नहीं हुआ, तो ईरान के लिए अच्छा समझौता करने का यह आखिरी मौका होगा.”
ट्रंप ने यह नहीं बताया कि ईरान के साथ बातचीत कहां हो रही है और इसमें कौन-कौन अधिकारी शामिल हैं. इससे अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत को लेकर भ्रम और बढ़ गया है. इससे पहले ट्रंप ने आरोप लगाया था कि ईरान सार्वजनिक रूप से बातचीत से इनकार करता है, लेकिन पर्दे के पीछे अमेरिका से मुलाकात की कोशिश कर रहा है.
The post डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को दो टूक चेतावनी: समझौता करो, वरना अंजाम भुगतने को तैयार रहो appeared first on Naya Vichar.

