नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : सरायरंजन थाना क्षेत्र के विभिन्न हाट-बाजारों में लगातार हो रही मोबाइल एवं बाइक चोरी की घटनाओं से आम लोगों में दहशत का माहौल है। आए दिन हो रही चोरी की घटनाओं के बावजूद पुलिस अब तक चोरों के गिरोह तक पहुंचने में सफल नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार, विगत सोमवार की शाम सरायरंजन हाट में खरीदारी करने पहुंचे स्थानीय पत्रकार बब्बन गिरि की मोबाइल चोरी हो गई। इससे पूर्व भगवतपुर स्थित मंगल हाट से गावपुर निवासी सुनील कुमार राय की बेशकीमती मोबाइल चोरी कर ली गई थी। वहीं, हाल ही में प्रखंड मुख्यालय स्थित बुधवार एवं शनिवार हाट से दो बाइक भी चोरी होने की घटनाएं सामने आई हैं।पीड़ितों द्वारा संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज कराए जाने के बावजूद अब तक चोरी की घटनाओं का उद्भेदन नहीं हो सका है। लगातार हो रही वारदातों से हाट-बाजारों में आने वाले लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से नियमित गश्ती बढ़ाने तथा चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।