नया विचार न्यूज सरायरंजन। मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के उच्च विद्यालय रुपौली के निकट एनएच-28 पर बुधवार सुबह एक अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया। हादसे के बाद ट्रक का चालक वाहन से उतरकर पूरब दिशा में सातनपुर की ओर भागने लगा। चालक को इस तरह भागते देख घटनास्थल के सामने स्थित उच्च विद्यालय के मैदान में मॉर्निंग वॉक करने पहुंचे लोगों को ट्रक में शराब होने का संदेह हुआ। इसके बाद कुछ लोग ट्रक के पास पहुंचे और उसकी तलाशी लेने लगे।
लोगों ने ट्रक का केबिन और पीछे लदे कार्टन को खोलकर देखा तो उसमें बड़ी मात्रा में बिस्किट के पैकेट मिले। कार्टन पर ‘धूम’ कंपनी का नाम लिखा हुआ था। ट्रक पूरी तरह बिस्किट के कार्टन से भरा बताया गया। इसके बाद मौके पर मौजूद कुछ लोग कार्टन उठाकर ले जाने लगे। देखते ही देखते घटनास्थल पर बिस्किट ले जाने वालों की भीड़ जुट गई।
पुलिस पहुंची, फिर भी जारी रही कार्टन ले जाने की होड़
घटना की सूचना मिलने के बाद मुसरीघरारी पुलिस मौके पर पहुंची। थाना में कार्यरत एएसआई गीता कुमारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस के पहुंचने के बाद भी कुछ लोग ट्रक से बिस्किट के कार्टन निकालकर ले जाते नजर आए। इस दौरान घटनास्थल पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
लोगों का कहना था कि पुलिस की मौजूदगी में भी ट्रक से सामान ले जाना गंभीर सवाल खड़े करता है। हालांकि, मौके पर कितनी मात्रा में बिस्किट लोगों द्वारा ले जाया गया, इसका तत्काल आकलन नहीं हो सका।
चालक के भागने से ट्रक कहां से आया, नहीं हो सका स्पष्ट
हादसे के बाद चालक के मौके से फरार हो जाने के कारण तत्काल यह स्पष्ट नहीं हो सका कि ट्रक बिस्किट कहां से लोड कर निकला था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। पुलिस अब ट्रक के नंबर और अन्य दस्तावेजों के आधार पर इसकी जानकारी जुटाने में लगी है। चालक की तलाश भी की जा रही है।
पुलिस बोली- बिस्किट के कार्टन लूटे गए हैं
मुसरीघरारी थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने और उसमें लदे बिस्किट के कार्टन के लूटे जाने की घटना सही है। उन्होंने बताया कि ट्रक पर कितने कार्टन बिस्किट लदे थे और उसमें से कितने कार्टन लोगों द्वारा ले जाए गए, इसकी अभी गिनती नहीं की गई है। गिनती के बाद ही लूटे गए और ट्रक में बचे सामान की सही संख्या स्पष्ट हो सकेगी।
घटना के बाद पुलिस की मौजूदगी में भी सामान ले जाने की बात को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा बनी हुई है। अब पुलिस की जांच में यह स्पष्ट होगा कि दुर्घटना के बाद ट्रक से कितनी मात्रा में बिस्किट गायब हुए और चालक के भागने की वास्तविक वजह क्या थी।