New Delhi: दिल्ली हाईकोर्ट ने मेटा से उसके कॉपीराइट मैनेजमेंट टूल को लेकर सवाल किया है. कोर्ट ने कंपनी से पूछा कि आखिर इस टूल का एक्सेस किन नियमों और मानदंडों के आधार पर कुछ यूजर्स को दिया जाता है. यह टूल फेसबुक और इंस्टाग्राम पर क्रिएटर्स को अपने मूल कंटेंट के कॉपीराइट की निगरानी और सुरक्षा में मदद करता है.
मोहित कुमार ने मेटा के टूल को लेकर उठाए सवाल
मामले की सुनवाई जस्टिस अनूप जयराम भंभानी की पीठ कर रही थी. यह याचिका सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर मोहित कुमार ने दायर की है. उनका आरोप है कि कुछ लोगों ने उनके वीडियो डाउनलोड करके मेटा के राइट्स मैनेजमेंट टूल के जरिए उन्हीं पर कॉपीराइट का दावा कर दिया.
तीन बार आवेदन, फिर भी नहीं मिला एक्सेस
मोहित ने अदालत को बताया कि उन्होंने खुद इस टूल का एक्सेस पाने के लिए तीन बार आवेदन किया, लेकिन उन्हें बिना स्पष्ट कारण बताए इसे खारिज कर दिया गया. उन्होंने कहा कि दूसरी ओर कुछ ऐसे यूजर्स को भी इस टूल का एक्सेस मिला हुआ है, जिनके फॉलोअर्स की संख्या कुछ सौ ही है. सुनवाई के दौरान जस्टिस भंभानी ने मेटा की नीति पर सवाल उठाते हुए कहा, “हर किसी को इसका एक्सेस क्यों नहीं मिलता? यह तो चोर को घर की चाबी देने और घर के मालिक को नहीं देने जैसा है.”
फर्जी कॉपीराइट स्ट्राइक से क्रिएटर्स को खतरा
मोहित ने कहा कि फर्जी कॉपीराइट स्ट्राइक के कारण किसी वास्तविक क्रिएटर का अकाउंट अचानक बंद हो सकता है. इससे उसकी वर्षों की मेहनत, कमाई, ब्रांड डील और डिजिटल कारोबार प्रभावित हो सकता है. मेटा की ओर से अदालत को बताया गया कि मोहित के खिलाफ की गई फर्जी कॉपीराइट स्ट्राइक को हटा दिया गया है और उसके तहत हटाया गया कंटेंट भी बहाल कर दिया गया है.
कोर्ट ने कहा- सिस्टम की खामियों को दूर करना जरूरी
कोर्ट ने मोहित की याचिका पर मेटा को समन जारी किया और मामले की अगली सुनवाई 24 सितंबर को तय की. अदालत ने कहा कि कॉपीराइट मैनेजमेंट टूल से जुड़ी ऐसी शिकायतें कई कंटेंट क्रिएटर्स के मामलों में सामने आ रही हैं, इसलिए इस मुद्दे की गहराई से जांच जरूरी है. जस्टिस भंभानी ने कहा कि सिस्टम में कुछ “कमियां और खामियां” सामने आई हैं और इन्हें ठीक करने की जरूरत है.
दूसरे मामले में भी अकाउंट सस्पेंड करने पर सुनवाई
इसी जज के सामने एक अन्य मामले में भी यह सवाल विचाराधीन है कि क्या सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म केवल कॉपीराइट स्ट्राइक के आधार पर किसी यूजर का अकाउंट सस्पेंड या डिलीट कर सकते हैं. यह मामला कंटेंट क्रिएटर सौरभ मौर्य से जुड़ा है, जिनका इंस्टाग्राम अकाउंट एक कॉपीराइट स्ट्राइक के बाद सस्पेंड कर दिया गया था. बाद में वह स्ट्राइक फर्जी पाई गई थी.
Also read : मुंबई के घाटकोपर में भूस्खलन: मरने वालों की संख्या बढ़कर 7 हुई, 7 घायल
The post दिल्ली HC ने मेटा से पूछा- कॉपीराइट टूल का एक्सेस सबको क्यों नहीं? जज बोले- ‘चोर को घर की चाबी देने जैसा’ appeared first on Naya Vichar.