नया विचार न्यूज़ कल्याणपुर।( प्रियांशु कुमार)- प्रखंड क्षेत्र से गुजरने वाली बागमती नदी के जलस्तर में पिछले एक सप्ताह से लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। बुधवार को भी नदी के जलस्तर में करीब छह इंच की बढ़ोतरी हुई। जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे के निचले इलाकों में पानी फैलने लगा है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बागमती नदी का पानी बढ़ने के कारण रमजान नगर, तीरा, रामदीरी, नामापुर सहित नदी किनारे बसे गांवों के निचले हिस्से के खेत-खलिहानों में पानी पहुंच रहा है। कई जगहों पर खेतों में पानी जमा होने से फसलों को नुकसान की आशंका है।
इधर, बागमती के जलस्तर में वृद्धि के साथ उसकी उपधारा शांति नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है। शांति नदी किनारे स्थित चौड़ में पानी फैलने से खेतों में लगी ढैंचा, जनेरा और सब्जियों की फसल प्रभावित हो रही है। किसानों के अनुसार, बैंगन समेत अन्य सब्जियों के खेतों में भी पानी प्रवेश कर गया है।
पशुपालकों की बढ़ी परेशानी
जलस्तर बढ़ने से पशुपालक किसानों की परेशानी भी बढ़ गई है। पशुओं के लिए चारा लाने के लिए उन्हें पानी हेलकर खेतों और चौर क्षेत्र तक जाना पड़ रहा है। लगातार बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए नदी किनारे रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है।