Hot News

Solar Eclipse 2026 : वैज्ञानिकों के लिए क्यों खास है पूर्ण सूर्य ग्रहण? जानें इस दौरान वे क्या देखते हैं

12 अगस्त 2026 को दुनिया के कुछ हिस्सों में दिन का उजाले से अचानक अंधेरे में बदलता दिखाई देगा. उत्तरी रूस, ग्रीनलैंड, आइसलैंड, उत्तरी स्पेन और पुर्तगाल के एक छोटे हिस्से में लोग पूर्ण सूर्य ग्रहण यानी टोटल सोलर एक्लिप्स देख सकेंगे. यूरोप के दूसरे हिस्सों में भी आंशिक ग्रहण दिखाई देगा लेकिन हिंदुस्तान में यह ग्रहण नजर नहीं आएगा.

वैज्ञानिकों के लिए इस खगोलीय घटना की अहमियत सिर्फ इसे देखने तक सीमित नहीं है. कुछ मिनटों के लिए चंद्रमा जब सूर्य को पूरी तरह से ढक देता है, तो सूर्य का वो हिस्सा दिखाई देता है जिसे सामान्य परिस्थितियों में देखना बेहद ही मुश्किल है. इस लेख में हम समझेंगे कि सूर्य ग्रहण के दौरान वैज्ञानिकों को ऐसा क्या दिखता है, जो सामान्य दिनों में दिखाई नहीं देता है?

पहले समझिए सूर्य ग्रहण क्या होता है?

  • सूर्य ग्रहण तब होता है जब चंद्रमा पृथ्वी और सूर्य के बीच आ जाता है. चंद्रमा की छाया पृथ्वी पर पड़ती है और जिन इलाकों में यह छाया पहुंचती है, वहां से सूर्य का कुछ या पूरा हिस्सा ढका हुआ दिखाई देता है.
  • अगर चंद्रमा सूर्य की पूरी तरह ढक ले, तो इसे पूर्ण सूर्य ग्रहण कहते हैं. जिस संकरे क्षेत्र में चंद्रमा सूर्य को पूरी तरह ढकता है, उसे पाथ ऑफ टोटैलिटी कहा जाता है. इसके बाहर के इलाके में लोगों को आंशिक ग्रहण दिखाई देता है
  • सूर्य ग्रहण अमावस्या को लगता है. हालांकि इसके साथ एक सवाल ये भी है कि अमावस्या तो हर महीने आती है, फिर हर महीने सूर्य ग्रहण क्यों नहीं होता?
  • आसान भाषा कहें तो इसकी वजह चंद्रमा की कक्षा है. चंद्रमा पृथ्वी के चारों ओर जिस तल में घूमता है, वह पृथ्वी की सूर्य के चारों ओर कक्षा के तल से करीब 5 डिग्री झुका हुआ है.
  • इसलिए ज्यादातर अमावस्या पर चंद्रमा की छाया पृथ्वी के ऊपर या नीचे से निकल जाती है. जब अमावस्या के दौरान चंद्रमा अपनी कक्षा के उन खास बिंदुओं के पास होता है जहां दोनों कक्षाओं के तल एक-दूसरे को काटते हैं, तभी सूर्य ग्रहण की स्थिति बनती है.

ये भी पढ़ें: अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस : देश में युवाओं के सामने रोजगार और शिक्षा का संकट, हैरान करने वाले हैं ये आंकड़े

पूर्ण सूर्य ग्रहण वैज्ञानिकों के लिए इतना खास क्यों?

  • सूर्य सिर्फ वह चमकीला गोला नहीं है जिसे हम दिन में देखते हैं, उसके चारों ओर बेहद गर्म और वायुमंडलीय परत फैला हुआ है, जिसे कोरोना कहा जाता है.
  • कोरोना सूर्य की सबसे बाहरी वायुमंडलीय परत है. इसमें प्लाज्मा और शक्तिशाली चुंबकीय संरचनाएं मौजूद होती हैं. यहीं से निकलने वाली कई प्रक्रियाएं अंतरिक्ष के मौसम को प्रभावित करती हैं.
  • समस्या यह है कि कोरोना बेहद धुंधला है, सूर्य की चमकीली डिस्क के सामने उसकी रोशनी दब जाती है. वैज्ञानिक इसे देखने के लिए कोरोनाग्राफ जैसे उपकरणों का इस्तेमाल करते हैं, जो सूर्य की चमकीली डिस्क को कृत्रिम रूप से ढक देते हैं. लेकिन उपकरणों के अंदर मौजूद बिखरी हुई रोशनी (scattered light) कई बार सूर्य के बेहद अंदरूनी कोरोना को साफ देखने में बाधा बनती है.

चंद्रमा बन जाता है प्राकृतिक कोरोनाग्राफ

  • पूर्ण सूर्य ग्रहण के दौरान चंद्रमा सूर्य की चमकीली डिस्क को लगभग पूरी तरह ढक देता है, इसके चारों ओर कोरोना एक हल्के, चमकीले प्रभामंडल (nimbus) की तरह दिखाई देने लगता है.
  • यानी जिस काम के लिए वैज्ञानिक सामान्य दिनों में उपकरणों का इस्तेमाल करते हैं, वह काम ग्रहण के दौरान प्रकृति खुद कर देती है.
  • जानकार बताते हैं कि सूर्य की चमकीली डिस्क के छिपने पर कोरोना की कमजोर रोशनी और उसकी संरचनाएं ज्यादा स्पष्ट दिखाई देती है. इससे वैज्ञानिक सूर्य के चुंबकीय क्षेत्र की बड़ी संरचनाओं को समझने की कोशिश कर सकते हैं.

कोरोना को समझना इतना जरूरी क्यों है?

  • सूर्य का चुंबकीय क्षेत्र लगातार बदलता रहता है. इसके कारण ही सूर्य पर solar flares और coronal mass ejections (CMEs) जैसी घटनाएं होती हैं. इनसे अंतरिक्ष में भारी मात्रा में ऊर्जा और आवेशित कण फैल सकते हैं.
  • जब ऐसी गतिविधियां पृथ्वी की दिशा में आती हैं, तो वे space weather को प्रभावित कर सकती हैं. इसका असर उपग्रहों, रेडियो संचार, नेविगेशन सिस्टम और GPS जैसी तकनीकों पर पड़ सकता है. बड़े सौर तूफानों की स्थिति में पृथ्वी पर मौजूद तकनीकी ढांचे के लिए भी चुनौतियां पैदा हो सकती हैं.
  • इसलिए कोरोना को समझना सिर्फ सूर्य के बारे में ज्ञान बढ़ाने का सवाल नहीं है. यह आधुनिक तकनीकी दुनिया के लिए भी महत्वपूर्ण है.

इस बार वैज्ञानिक क्या देखने की उम्मीद कर रहे हैं?

  • 12 अगस्त के ग्रहण को लेकर हिंदुस्तानीय वैज्ञानिकों की भी खास दिलचस्पी है. Centre of Excellence in Space Sciences India (CESSI), IISER-Kolkata से जुड़े शोधकर्ताओं ने सूर्य के कोरोना में बड़े पैमाने की streamers जैसी संरचनाओं के दिखाई देने की संभावना का अध्ययन किया है.
  • ये संरचनाएं कोरोना में मौजूद बड़े चुंबकीय ढांचों से जुड़ी होती हैं और ग्रहण के दौरान अपेक्षाकृत स्पष्ट दिखाई दे सकती हैं.
  • वैज्ञानिकों के लिए ऐसी तस्वीरें इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि सूर्य के चुंबकीय क्षेत्र को सीधे आंखों से देखना संभव नहीं है. कोरोना की संरचनाओं को देखकर उसके चुंबकीय विन्यास के बारे में अप्रत्यक्ष जानकारी हासिल की जा सकती है.

ये भी पढ़ें: क्या अमेरिका ने कारगिल युद्ध में हिंदुस्तान का जीपीएस बिगाड़ दिया था? जानिए इस दावे की सच्चाई

सूर्य की 11 साल की कहानी भी इसमें शामिल है

  • सूर्य की गतिविधि स्थिर नहीं रहती. वह लगभग 11 साल के एक चक्र से गुजरता है, जिसमें सूर्य की गतिविधियां बढ़ती और घटती हैं. इस दौरान सनस्पॉट, फ्लेयर और अन्य घटनाओं की संख्या में बदलाव होता है.
  • मौजूदा सौर चक्र 2020 के आसपास शुरू हुआ था और सूर्य अपनी अधिकतम सक्रियता के दौर से गुजर चुका है.
  • ऐसे समय में कोरोना में कई जटिल संरचनाएं देखने को मिल सकती हैं. इसलिए इस ग्रहण से मिलने वाले अवलोकन वैज्ञानिकों के लिए खास उपयोगी हो सकते हैं.

हिंदुस्तान में नहीं दिखेगा ग्रहण, फिर भी इसका महत्व क्यों है?

12 अगस्त का पूर्ण सूर्य ग्रहण हिंदुस्तान से दिखाई नहीं देगा. लेकिन इसका वैज्ञानिक महत्व सीमाओं से बंधा नहीं है. दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से लिए गए जमीन आधारित अवलोकन, अंतरिक्ष अभियानों से मिलने वाले आंकड़े और लंबे समय से किए जा रहे सूर्य के अध्ययन को साथ रखकर वैज्ञानिक कोरोना के व्यवहार की बेहतरीन तस्वीर बना सकते हैं.

आखिरकार, सूर्य ग्रहण सिर्फ आसमान में कुछ मिनटों के अंधेरे का नाम नहीं है. यह वह दुर्लभ क्षण है जब चंद्रमा सूर्य की चकाचौंध को थोड़ी देर के लिए हटा देता है और हमें उसके आसपास छिपी एक बेहद सक्रिय दुनिया दिखाई देती है. यही वजह है कि आम दर्शकों के लिए ग्रहण जहां एक अद्भुत खगोलीय दृश्य है, वहीं वैज्ञानिकों के लिए यह सूर्य के रहस्यों को पढ़ने का एक अनमोल अवसर भी है.

पढ़िए देश दुनिया और बिहार झारखंड की ओरिजिनल समाचार

The post Solar Eclipse 2026 : वैज्ञानिकों के लिए क्यों खास है पूर्ण सूर्य ग्रहण? जानें इस दौरान वे क्या देखते हैं appeared first on Naya Vichar.

Spread the love

विनोद झा
संपादक नया विचार

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top