Hot News

बक्सर में मिडिल स्कूल के दो शिक्षकों ने अपनी ही 12 छात्राओं से दुष्कर्म कर वीडियो किया वायरल

12 Female Students Raped At School : बक्सर जिला के डुमरांव प्रखंड स्थित एक मध्य विद्यालय में शिक्षा के मंदिर को कलंकित करने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है. विद्यालय के ही दो शिक्षकों पर आरोप है कि उन्होंने करीब 12 नाबालिग छात्राओं के साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बनाकर वायरल भी कर दिया. मामला उजागर होने और सोशल मीडिया पर अश्लील वीडियो वायरल होने के बाद उग्र ग्रामीणों ने दोनों आरोपित शिक्षकों की जमकर पिटाई कर दी.

कई महीनों से कर रहे थे शोषण

घटना पर संज्ञान लेकर जिला शिक्षा विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. बुधवार की देर रात तक बड़ी संख्या में ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कृष्ण ब्रह्म थाने के पास जमा थे. थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि ग्रामीणों से आवेदन ले लिया गया है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गयी है.

तीन दिन पहले हुआ वीडियो वायरल, ग्रामीणों ने हंगाम किया

बताया जाता है कि दोनों शिक्षक यह शर्मनाक काम पिछले कई दिनों से कर रहे थे. आरोपी शिक्षकों ने छात्राओं को हवस का शिकार बनाने के साथ ही उनका अश्लील वीडियो भी बना लिया था. तीन दिन पहले जब यह वीडियो इंटरनेट पर वायरल हुआ, तब घटना की जानकारी परिजनों और ग्रामीणों को हुई. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने विद्यालय पहुंचकर दोनों आरोपित शिक्षकों की घेराबंदी की और उनकी धुनाई कर दी. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे.

बीइओ की जांच रिपोर्ट पर डीइओ की कार्रवाई

मामला सामने आते ही डुमरांव के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीइओ) सुधांशु कुमार ने तुरंत विद्यालय पहुंचकर मामले की पड़ताल की और प्राथमिक जांच रिपोर्ट जिला शिक्षा पदाधिकारी को भेजी. जिला शिक्षा पदाधिकारी इंद्र कुमार कर्ण के निर्देश पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) द्वारा बुधवार को दोनों शिक्षकों के खिलाफ अलग-अलग निलंबन आदेश जारी किये गये.

दोनों शिक्षकों पर गिरी गाज, अलग-अलग बीआरसी से हुए संबद्ध

इस मामले में दोनों शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उनका मुख्यालय प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) से संबद्ध किया गया है. निलंबन अवधि के दौरान दोनों नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता के हकदार होंगे.

विभागीय कार्रवाई और पुलिस तफ्तीश तेज

शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि दोनों आरोपितों के विरुद्ध जल्द ही औपचारिक आरोप पत्र गठित कर सख्त विभागीय कार्रवाई की जायेगी. इसके लिए संचालन व उपस्थापन पदाधिकारी की नियुक्ति अलग से होगी.

अभिभावकों में गुस्सा, पुलिस जांच जारी

इस जघन्य कृत्य को लेकर पूरे इलाके के अभिभावकों में गहरा आक्रोश व्याप्त है. पुलिस और स्थानीय प्रशासन वायरल वीडियो और परिजनों के बयानों के आधार पर कानूनी व पॉक्सो एक्ट के तहत आगे की कड़ी कार्रवाई में जुट गया है.

आरोपियों पर जल्द होगी कार्रवाई

प्रभारी डीएसपी समीर कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मुझे मिली है. इसकी जांच करवाई जा रही है. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा. टीम लगातार छापेमारी कर रही है.

कार्रवाई के लिए दिये गये निर्देश

पुलिस अधीक्षक शुभम आर्या ने भी बताया कि मामला बहुत गंभीर है. प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी करने का निर्देश दिया गया है. इस मामले में जल्द ही दोषियों पर कड़ी कार्रवाई जाएगी.

इसे भी पढ़ें: पटना में इंजीनियर की टीचर वाइफ का मिला डेड बॉडी, मकान में बाहर से लगा था ताला

The post बक्सर में मिडिल स्कूल के दो शिक्षकों ने अपनी ही 12 छात्राओं से दुष्कर्म कर वीडियो किया वायरल appeared first on Naya Vichar.

Spread the love

विनोद झा
संपादक नया विचार

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top