नया विचार न्यूज़ सरायरंजन : प्रखंड के नौआचक पंचायत के वार्ड सं. छह निवासी रोशन सहनी का खपरैल घर गुरुवार की रात बारिश एवं तेज हवा के कारण अचानक धराशायी हो गया। घर के अचानक गिरने से उसमें रखा घरेलू सामान मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के समय परिवार के सदस्य घर में ही मौजूद थे। घर के गिरने की आवाज सुनकर परिवार के लोग किसी तरह बाहर निकले। हालांकि, घटना में किसी के हताहत होने या जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।गृहस्वामी रोशन सहनी ने बताया कि गुरुवार की रात तेज हवा के साथ बारिश हो रही थी। इसी दौरान अचानक खपरैल घर की छत और दीवारें गिर गईं। घर के धराशायी होने से उसमें रखे कपड़े, बर्तन, अनाज सहित अन्य घरेलू सामान बर्बाद हो गए। अचानक घर गिरने से परिवार के समक्ष रहने की समस्या उत्पन्न हो गई है।
घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने में परिवार की मदद की। ग्रामीणों ने बताया कि लगातार बारिश और तेज हवा के कारण कच्चे एवं खपरैल घरों के गिरने का खतरा बढ़ गया है। गृहस्वामी ने घटना की सूचना अंचल कार्यालय एवं थाने को दे दी है।
समाचार लिखे जाने तक पीड़ित परिवार को प्रशासन की ओर से किसी प्रकार की प्रशासनी सहायता नहीं मिली थी।