नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर- विभूतिपुर अंचल के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, चकबेदौलिया में गुरुवार को आंधी-तूफान के दौरान बरगद का पेड़ गिरने से तीन बच्चों की मौत हो गई। घटना पंचायत खास तभका दक्षिण क्षेत्र की है। जिला प्रशासन के अनुसार घटना करीब दोपहर 1:30 बजे की है।
मृत बच्चों की पहचान सपना कुमारी (10), पायल कुमारी (11) और गुलनाज खातून (10) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रशासन की टीम ने मौके की स्थिति की जानकारी ली और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया।
जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि आपदा प्रबंधन के निर्धारित प्रावधानों के तहत तीनों मृत बच्चों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की अनुग्रह अनुदान राशि का भुगतान 24 घंटे के अंदर कर दिया गया है। प्रशासन की ओर से घटना की स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।
घटना के बाद मृत बच्चों के परिवारों में शोक का माहौल है। जिला प्रशासन ने हादसे पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए शोक-संतप्त परिजनों के प्रति सहानुभूति प्रकट की है।