नया विचार न्यूज़ सरायरंजन। विद्यार्थियों में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बेइयाता फाउंडेशन एवं नई सोच ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में ग्लोबल विजन एकेडमी कैंपस, बी. ऐलौथ, मुसरीघरारी में अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला अग्निशमन कार्यालय, समस्तीपुर की टीम ने विद्यार्थियों को आग लगने की स्थिति में बचाव के उपायों और आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित रहने के तरीके बताए।
अग्निशमन विभाग की टीम में शामिल श्रीमती ज्योति कुमारी, श्री नागेंद्र कुमार गौतम समेत अन्य कर्मियों ने विद्यार्थियों को आग लगने के संभावित कारणों, उससे बचाव के उपाय और आपात स्थिति में सही प्रतिक्रिया के बारे में जानकारी दी। विद्यार्थियों को बताया गया कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय शांत रहते हुए सुरक्षित स्थान की ओर निकलना चाहिए तथा आसपास मौजूद लोगों को भी सतर्क करना चाहिए।
मॉक ड्रिल के जरिए दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण
कार्यक्रम के दौरान अग्निशमन टीम ने मॉक ड्रिल के माध्यम से विद्यार्थियों को आग जैसी आपात स्थिति में सुरक्षित तरीके से बाहर निकलने की प्रक्रिया समझाई। साथ ही बचाव कार्य के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को फायर एक्सटिंग्विशर के सही और सुरक्षित इस्तेमाल का व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने अग्निशमन उपकरणों के उपयोग की प्रक्रिया को समझा और आपात स्थिति में त्वरित एवं सुरक्षित प्रतिक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त की।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक व्यावहारिक जानकारी देना है। विद्यार्थियों को स्वयं की सुरक्षा के साथ आसपास के लोगों की सुरक्षा के प्रति भी जिम्मेदार बनने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन शाकिर रजा, खालिद रजा, हसनैन नज़ारे, आकिब रजा एवं आरिफ इस्माइल के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर बेइयाता फाउंडेशन एवं नई सोच ट्रस्ट की ओर से काशिफ रजा, मो. शहनवाज, मो. अरमान, शादिक रजा, बंटी कुमार, जुल्कारनैन नज़ारे, फरीद अंसारी, जिकौर रहमान एवं लालबाबू कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और जीवन बचाएं” का संदेश दिया गया।
