दिल्ली के तिलक नगर में सड़क निरीक्षण करते हुए मंत्री प्रवेश वर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में वह एक युवक को थप्पड़ मारते दिख रहे हैं. आम आदमी पार्टी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर इस वी़डियो को शेयर कर प्रवेश वर्मा पर कार्रवाई की मांग की है. दरअसल, प्रवेश वर्मा की सड़क निरीक्षण के दौरान एक युवक से कहासुनी हो गई जिसके वीडियो में वह उसे थप्पड़ मारते दिख रहे हैं. वीडियो वायरल होने के बाद युवक ने प्रवेश वर्मा पर आरोप लगाया है कि वह सड़क की खराब हालत दिखा रहा था, लेकिन मंत्री उसकी बात से नाराज हो गए और उस पर हाथ उठा दिया.
हालांकि प्रवेश वर्मा ने अपने पक्ष में वीडियो जारी कर कहा है कि निरीक्षण के दौरान सड़क का काम ठीक मिला. स्थानीय लोगों ने उन्हें बताया कि करीब 15 साल से यहां सड़क नहीं बनी थी. प्रवेश वर्मा के मुताबिक, उन्होंने आप विधायक जरनैल सिंह को तीन बार फोन किया और करीब 45 मिनट तक इंतजार किया. उनका आरोप है कि जरनैल सिंह के साथ आए लोगों ने उनके परिवार को लेकर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया. प्रवेश वर्मा ने कहा कि इसी दौरान उन्होंने भी गुस्से में प्रतिक्रिया दी.
प्रवेश वर्मा जिस गुस्से का जिक्र कर रहे हैं, वह गुस्सा कोई नया नहीं है. वह कई मौकों पर इस तरह की प्रतिक्रिया देकर सुर्खियां बटोरते रहे हैं. कभी मुस्लिमों पर कमेंट तो कभी पैसे बांटने का आरोप, पढ़िए प्रवेश वर्मा के विवादित किस्से…
2020, शाहीन बाग के प्रदर्शनकारियों को कातिल कहा
बात जनवरी 2020 की है, शाहीन बाग में नागरिकता संशोधन बिल के खिलाफ (CAA) के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे. पार्टियां विधानसभा चुनाव की तैयारी में थी. तभी एक चुनावी रैली में प्रवेश वर्मा ने कसम खाई और लोगों से कहा, “भाजपा की जीत के कुछ ही घंटों के भीतर प्रदर्शनकारियों को भगा दिया जाएगा, अगर उन्हें खुला अनियंत्रित छोड़ा गया तो वे बलात्कार और हत्या करेंगे.” इस बयान के बाद उन्हें कार्रवाई भी झेलनी पड़ी थी.
ये भी पढ़ें: Video: सड़क के मुद्दे पर बवाल, केजरीवाल बोले- मोदी जी के मंत्री ने सरेआम युवक को मारा थप्पड़
आयोग ने प्रवेश साहिब सिंह वर्मा पर 96 घंटे तक चुनाव प्रचार करने पर रोक लगा दी थी. इसके अलावा उन्हें टीवी, अखबार और सोशल मीडिया समेत किसी भी माध्यम से चुनाव से जुड़ा बयान देने से भी रोक दिया गया था.
2020, अरविंद केजरीवाल को “आतंकवादी” कहा
अरविंद केजरीवाल को लेकर दिए गए एक बयान के मामले में चुनाव आयोग ने बीजेपी नेता प्रवेश साहिब सिंह वर्मा पर 24 घंटे तक विधानसभा चुनाव के दौरान प्रचार करने पर रोक लगा दी थी. वर्मा ने एक टीवी इंटरव्यू में केजरीवाल के लिए “आतंकवादी” शब्द का इस्तेमाल किया था. उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया था और कहा था कि वीडियो में पूरी बात सही तरीके से नहीं दिखाई गई. हालांकि, चुनाव आयोग ने कहा कि वर्मा का बयान केजरीवाल के खिलाफ आपत्तिजनक और तीखी टिप्पणी की श्रेणी में आता है.
2022, मुस्लिम बहिष्कार वाला बयान
दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने एक समुदाय के “पूर्ण बहिष्कार” की अपील की. उन्होंने उस भाषण में समुदाय का नाम नहीं लिया था, लेकिन बयान को मुस्लिम समुदाय के संदर्भ में देखा गया और इस पर विवाद हुआ. दिल्ली में विश्व हिंदू परिषद के एक कार्यक्रम में दिए भाषण के दौरान उन्होंने कहा था कि अगर किसी को “सुधारना” है, तो उसका एक ही रास्ता है और वह है “पूरी तरह बहिष्कार”.
चुनाव से पहले पैसे बांटने का आरोप
दिसंबर 2024 में दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया कि प्रवेश वर्मा के आवास पर स्त्रीओं को 1,100 रुपये बांटे जा रहे हैं. प्रवेश वर्मा ने आरोप खारिज करते हुए कहा कि यह उनके पिता की संस्था द्वारा जरूरतमंद स्त्रीओं की मदद का कार्यक्रम था.
ये भी पढ़ें: Watch Video : सड़क विवाद पर प्रवेश वर्मा का आरोप, बोले- कमीशन नहीं मिला तो रात में बनी सड़क उखाड़ देते थे
इसके बाद नई दिल्ली विधानसभा सीट पर मुकाबला काफी चर्चित रहा. इस सीट पर केजरीवाल का मुकाबला सीधे प्रवेश वर्मा से था. वर्मा पर चुनाव से पहले स्त्रीओं को साड़ियां और जूते बांटकर वोट प्रभावित करने के आरोप लगे. वर्मा ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि जूते एक एनजीओ ने मंदिर में स्त्रीओं के लिए उपलब्ध कराए थे और उन्हें बांटने को कहा गया था.
The post मुस्लिमों पर बयान से चुनाव में पैसे बांटने के आरोप तक, कब-कब विवादों में रहे प्रवेश वर्मा appeared first on Naya Vichar.