हिंदुस्तानीय बाजार में इलेक्ट्रिक स्कूटर की रेंज को बढ़ाते हुए MotoHaus India ने VLF Strada सीरीज को पेश किया है. इस स्कूटर की खासियत इसका मोटरसाइकिल जैसा डिजाइन, आसानी से निकाली जा सकने वाली बैटरी और एक बार चार्ज करने पर 250 km तक की दावा की गई रेंज है. ऐसे में अगर आप नॉर्मल इलेक्ट्रिक स्कूटर से हटकर कुछ अलग डिजाइन और बेहतर रेंज वाला मॉडल तलाश रहे हैं, तो VLF Strada आपके लिए एक नया ऑप्शन बन सकता है. आइए डिटेल में जानते हैं इस इलेक्ट्रिक स्कूटर में हमें और क्या खास देखने को मिलता है.
VLF Strada: वेरिएंट्स
VLF Strada इलेक्ट्रिक स्कूटर को दो वेरिएंट, City और Max में पेश किया गया है. इसका City वेरिएंट रोजाना शहर में आने-जाने वाले लोगों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. वहीं, अगर आप एक बार चार्ज करने पर ज्यादा दूरी तय करना चाहते हैं, तो Strada Max आपके लिए बेहतर ऑप्शन है. इसमें बड़ी बैटरी दी गई है, जो ज्यादा रेंज चाहने वाले कस्टमर्स को ध्यान में रखकर तैयार की गई है.
इस इलेक्ट्रिक स्कूटर की बुकिंग भी शुरू हो चुकी है. इच्छुक ग्राहक MotoHaus की ऑफिशियल वेबसाइट के जरिए महज 999 रुपये में इसे बुक कर सकते हैं. कंपनी के मुताबिक, इसकी डिलीवरी नवंबर 2026 से शुरू होने वाली है.
VLF Strada: बैटरी, रेंज और कीमत
VLF Strada City की एक्स-शोरूम कीमत 1,19,999 रुपये रखी गई है. इस इलेक्ट्रिक स्कूटर में 2.16kWh की लिथियम आयरन फॉस्फेट (LFP) बैटरी मिलती है. कंपनी का दावा है कि एक बार फुल चार्ज करने पर यह IDC टेस्ट के हिसाब से 130 km तक चल सकता है.
वहीं, VLF Strada Max की एक्स-शोरूम कीमत 1,55,500 रुपये है. इसमें 2.16kWh के दो रिमूवेबल बैटरी पैक दिए गए हैं, जिनकी कुल कैपेसिटी 4.32kWh है. कंपनी के मुताबिक, यह स्कूटर फुल चार्ज पर 250 km तक की IDC रेंज दे सकता है.
दोनों स्कूटरों के बीच सबसे बड़ा अंतर बैटरी की कैपेसिटी और रेंज का है. मोटर और टॉप स्पीड के मामले में दोनों एक जैसे हैं. इनमें 85 kmph की टॉप स्पीड मिलती है.
VLF Strada: इलेक्ट्रिक मोटर और परफॉर्मेंस
VLF Strada इलेक्ट्रिक स्कूटर में BLDC हब मोटर दी गई है, जो 4.8kW (6.43bhp) की पीक पावर और 34Nm का टॉर्क जनरेट करती है. इसमें राइडिंग के लिए तीन मोड मिलते हैं, Eco, City और Sport.
VLF Strada की एक और खासियत इसकी रिमूवेबल बैटरी है. यानी बैटरी चार्ज करने के लिए आपको हर बार स्कूटर को चार्जिंग पॉइंट के पास खड़ा करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. आप चाहें तो बैटरी स्कूटर में लगी रहने के दौरान ही चार्ज कर सकते हैं या उसे निकालकर अलग से चार्जिंग के लिए ले जा सकते हैं.
चार्जिंग टाइम की बात करें, तो MotoHaus के मुताबिक, Strada के City वेरिएंट को चार्ज होने में करीब 3 घंटे लगते हैं. वहीं, डुअल-बैटरी वाले Max वेरिएंट को चार्ज करने में लगभग 6 घंटे का समय लगता है.
VLF Strada: फीचर्स और हार्डवेयर
फीचर्स की बात करें, तो VLF Strada में 5-इंच की TFT इंस्ट्रूमेंट स्क्रीन मिलती है. इसके अलावा, स्कूटर में कीलेस एंट्री, रोशनी वाला इग्निशन सिस्टम और फुल LED लाइटिंग दी गई है. फोन चार्ज करने के लिए इसमें USB Type-A और Type-C पोर्ट भी मिलते हैं. वहीं, पीछे सामान रखने के लिए लगेज कैरियर और बैठने वाले की सुविधा के लिए ग्रैब रेल भी दी गई है.
अब इसके हार्डवेयर पर नजर डालें, तो VLF Strada में स्टील ट्यूबलर फ्रेम का यूज किया गया है. इसमें आगे की तरफ 31mm का हाइड्रोलिक फ्रंट फोर्क और पीछे की तरफ दो हाइड्रोलिक सस्पेंशन यूनिट्स मिलती हैं. ब्रेकिंग के लिए स्कूटर में 240mm की फ्रंट डिस्क और 220mm की रियर डिस्क दी गई है. साथ ही, इसमें कंबाइंड ब्रेकिंग सिस्टम (CBS) भी मिलता है.
इसके अलावा, स्कूटर में आगे 16-इंच और पीछे 14-इंच का व्हील दिया गया है. इसकी ग्राउंड क्लीयरेंस 175mm है, जिससे खराब सड़कों और छोटे-मोटे गड्ढों पर चलने में मदद मिल सकती है. वजन की बात करें, तो इसका कर्ब वेट 98 kg है.
ये भी पढ़ें: 22 लीटर स्टोरेज से लेकर 4 राइडिंग मोड्स तक… Ampere Nexus EX+ में मिलते हैं ये काम के फीचर्स
The post 250km तक की रेंज, रिमूवेबल बैटरी और बाइक जैसा लुक… मार्केट में हुई नए इलेक्ट्रिक स्कूटर की एंट्री, जानें कीमत appeared first on Naya Vichar.