नया विचार न्यूज़ सरायरंजन । देश की स्वतंत्रता के गौरवपूर्ण इतिहास, वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने तथा नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं नागरिक कर्तव्य की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, रसलपुर में सोमवार से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत की गई। बिहार शिक्षा परियोजना, समस्तीपुर के निर्देश के आलोक में विद्यालय में 10 से 14 अगस्त तक विभिन्न रचनात्मक, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के पहले दिन विद्यालय परिसर में ‘सेल्फी विथ तिरंगा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं के साथ विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने तिरंगे के साथ सम्मानपूर्वक तस्वीरें लेकर राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। इस दौरान विद्यालय का वातावरण देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत रहा।
इसके साथ ही ‘वंदे मातरम्’ थीम पर क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का संचालन विद्यालय के शिक्षक प्रियरंजन झा, महेश कुमार राम एवं जितेन्द्र कुमार राय के नेतृत्व में किया गया। क्विज के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्रगीत, स्वतंत्रता सेनानियों तथा हिंदुस्तानीय राष्ट्रीय चेतना से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी दी गई।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक मनीष चन्द्र प्रसाद ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ महज एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए तिरंगे का सम्मान करने, राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लेने की अपील की।

उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में भी राष्ट्रप्रेम की भावना को सकारात्मक और रचनात्मक माध्यमों से समाज तक पहुंचाया जा सकता है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में देश के इतिहास, संविधान, राष्ट्रीय प्रतीकों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में शिक्षक प्रियरंजन झा, जितेन्द्र कुमार राय, महेश कुमार राम, प्रमोद कुमार सहनी, असगर अली, ललित कुमार, फूलेन्द्र कुमार, गुड़िया कुमारी, कोमल कुमारी एवं ज्योति हिंदुस्तानी सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।