नया विचार न्यूज़ सरायरंजन । मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के सातनपुर रोड स्थित हुनडहिया पेट्रोल पंप के पास हथियार के बल पर एक युवक से करीब 25 हजार रुपए नकद और लगभग 50 हजार रुपए कीमत का मोबाइल फोन लूट लिए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़ित युवक ने मुसरीघरारी थाना में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पीड़ित की पहचान मानस कुमार, पिता संजय राय, वार्ड संख्या-11, मुसरीघरारी के रूप में बताई गई है। वह एक निजी फाइनेंस कंपनी में रिकवरी का काम करता है। पीड़ित के अनुसार, वह रिकवरी की राशि लेकर साइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान सातनपुर रोड में हुनडहिया पेट्रोल पंप के समीप बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे रोक लिया।
आरोप है कि बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर युवक को भयभीत किया और उसके पास मौजूद रिकवरी की राशि छीन ली। इसके साथ ही बदमाश उसका मोबाइल फोन भी लेकर फरार हो गए। पीड़ित के मुताबिक, उसके पास करीब 20 से 25 हजार रुपए की रिकवरी राशि थी, जबकि मोबाइल फोन की कीमत लगभग 50 हजार रुपए बताई जा रही है।
घटना के बाद युवक ने मुसरीघरारी थाना पहुंचकर पुलिस को पूरी जानकारी दी और लिखित आवेदन सौंपा। आवेदन के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।