Hot News

समस्तीपुर

समस्तीपुर

नवनियुक्त सहायक उर्दू अनुवाद को को मिला नियुक्ति पत्र 

नया विचार समस्तीपुर।मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग, उर्दू निदेशालय ,बिहार प्रशासन द्वारा नवनियुक्त सहायक उर्दू अनुवादको को जिला स्तर पर जिलाधिकारी समस्तीपुर श्री रोशन कुशवाहा , पुलिस अधीक्षक समस्तीपुर श्री अशोक मिश्रा, उप विकास आयुक्त समस्तीपुर श्री संदीप शेखर प्रियदर्शी , विशेष कार्य पदाधिकारी समस्तीपुर श्री महमूद आलम एवं विभिन्न पदाधिकारीगण की उपस्थिति में नियुक्ति पत्र का वितरण समाहरणालय सभागार समस्तीपुर में दिनांक 29 मार्च 2025 को किया गया ।विदित हो कि राज्य स्तर पर माननीय मुख्यमंत्री बिहार द्वारा नवनियुक्त उर्दू अनुवादक को नियुक्ति पत्र का वितरण दिनांक 29.3.2025 को संवाद भवन ,पटना में किया गया तथा प्रत्येक जिला में जिलाधिकारी के स्तर से नियुक्ति पत्र वितरण करने हेतु प्राप्त निर्देश के आलोक में जिला स्तर पर कुल 11 नव नियुक्त उर्दू अनुवादकों को नियुक्ति पत्र समस्तीपुर जिला अंतर्गत दिया गया ।इन 11 नव नियुक्त उर्दू अनुवादको में मोहम्मद आलमगीर , मोहम्मद मुफ्ज्जल सुब्हानी, आईशा लतीफ होमा, मोहम्मद आसिफ,मोहम्मद अमिल हुसैन अंसारी , रेहाना परवीन ,मोहम्मद जिलानी, मोहम्मद इफ्तेखार आलम, अब्दुस्सलाम, शहनाज प्रवीण तथा शाजिया हसन सम्मिलित थे। मौके पर उप विकास आयुक्त समस्तीपुर ,विशेष कार्य पदाधिकारी श्री महमूद आलम, उपनिदेशक अल्पसंख्यक कल्याण श्री रजनीश कुमार राय, उर्दू अनुवाद पदाधिकारी श्री खालिद अनवर जिलानी सहित विभिन्न पदाधिकारी एवं उर्दू भाषा कोषांग के कर्मी उपस्थित रहे।

समस्तीपुर

दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना अंतर्गत रोजगार सह-मार्गदर्शन मेला का आयोजन

नया विचार समस्तीपुर। दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना अंतर्गत रोजगार सह-मार्गदर्शन मेला का आयोजन जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र में किया गया। इस मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि जीविका जिला परियोजना प्रबंधक श्री बिक्रांत शंकर सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री सुप्रभात मिश्रा, जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र प्रबंधक श्रीमती संध्या कुमारी, जिला रोजगार प्रबंधक श्री रितेश सुमुख, प्रखंड परियोजना प्रबन्धक श्री अंजनी कुमार, प्रशिक्षण पदाधिकारी श्री रंजीत कुमार एवं जीविका संकुल के दीदियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया गया। इस मेले में सदर प्रखंड के अलावे आसपास के प्रखंडों के भी बेरोजगार युवक-युवतियां द्वारा उपस्थित होकर रोजगार एवं प्रशिक्षण हेतु विभिन्न कंपनियों में आवेदन किया गया। जीविका जिला परियोजना प्रबंधक श्री बिक्रांत शंकर सिंह ने कहा कि सभी क्षेत्र में ग्रामीण जीविका दीदियों द्वारा विभिन्न जीविकोपार्जन संबंधी कार्य किया जा रहा है वह काफी सराहनीय है। इसके अलावा उन्होंने उपस्थित अभ्यर्थियों को रोजगार एवं प्रशिक्षण उपरांत स्वरोजगार हेतु विशेष मार्गदर्शन भी दिया गया । मेले के आयोजन के लिए जीविका के सभी प्रखंड स्तरीय कर्मी एवं जिला से आये जीविका प्रबंधक तथा जीविका दीदियों का आभार व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी। प्रबंधक रोजगार श्री रितेश सुमुख के द्वारा बताया गया कि प्रत्येक वर्ष अलग-अलग प्रखंडों में दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के अंतर्गत रोजगार मेला लगाया जाता है और यह रोजगार सह मार्गदर्शन मेला इस वर्ष का 6वा रोजगार मेला है, इसके माध्यम से 18 से 35 वर्ष के युवा वर्ग प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं और डायरेक्ट प्लेसमेंट के माध्यम से नौकरी भी प्राप्त कर सकते हैं, उनके द्वारा बताया गया कि इसके अलावा सभी प्रखंडों में छोटे-छोटे स्तर पर भी नियोजन मेला लगाकर बेरोजगार युवाओं को प्रशिक्षण एवं नौकरी दिलवाने में मदद की जाती है।  युवाओं का कुल निबंधन: 1057 अगले चरण के लिए चयनित अभ्यर्थियों की संख्या: 279 DDUGKY में प्रशिक्षण हेतु आवेदन: 78 RSETI में प्रशिक्षण हेतु आवेदन दिया: 92

बिहार, समस्तीपुर

मैट्रिक में 468 अंक लाकर विद्यालय में दूसरा टॉपर बनी नवज्योति 

नया विचार समस्तीपुर– समस्तीपुर के उजियारपुर प्रखंड अंतर्गत परोरिया की छात्रा नवज्योति कुमारी ने 468 लाकर विद्यालय की दूसरी टॉपर बनी। सर्वोदय +2 विद्यालय चांदचौर मथुरापुर की छात्रा है। विद्यालय में टाॅपर बनने पर क्षेत्र में खुशी की लहर है। नवज्योति के पिता राजेश कुमार झा, किसान है। वे खेती करके अपना घर चलाते हैं। नवज्योति उपेन्द्र झा की पौत्री है। नवज्योति ने बातचीत में बताया की टॉपर बनकर मुझे बहुत अच्छा लग रहा है। मुझे विश्वास नहीं हो रहा है कि मैं पहले स्थान पर आई हूं। मेरी सफलता में माता-पिता और गुरुजनों का काफी योगदान रहा। स्कूल के शिक्षक के मार्गदर्शन के कारण मैं टॉपर बन पाई। अभी तो यह पहला पड़ाव है। आगे और अच्छा करना है। कितने घंटे पढ़ाई करने के सवाल पर नवज्योति ने कहा कि मैं समय देखकर नहीं पढ़ती थी। जब मन करता था मैं पढ़ाई करती थी। सेल्फ स्टडी पर ज्यादा फोकस किया था।

समस्तीपुर

पत्रकार के पिता का निधन शोक

नया विचार मोरवा। एक दैनिक समाचार पत्र के पत्रकार मिन्टू कुमार झा के पिता चंद्रदेव झा का निधन शनिवार की मध्यरात्रि निजी आवास मंसूरचक प्रखंड के साठा गांव में हुआ। वह 75 वर्ष के थे। एवं पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। स्व.चंद्रदेव झा सामाजिक,धार्मिक व्यक्ति थे।साथ ही साहित्यानुरागी मर्मज्ञ के रुप में उनकी विशेष पहचान थी।वह अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन पर पत्रकार प्रो.अवधेश कुमार झा, विनोद कुमार झा,कुमोद प्रसाद गिरी, मृत्युंजय कुमार ठाकुर,पद्माकर सिंह लाला, विकास कुमार पाण्डेय,रत्नशंकर भारद्वाज, विजेन्द्र चौहान, विपुल कुमार,अमर कुमार,रविशंकर सिंह, आशीष भूषण दत्त झा, पंकज कुमार झा, अजीत कुमार झा, कुणाल गुप्ता,आदि ने शोक व्यक्त की है।

समस्तीपुर

मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक संपन्न

नया विचार समस्तीपुर।  समस्तीपुर मंडल रेल प्रबंधक श्री विनय श्रीवास्तव की अध्यक्षता में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की त्रैमासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मुख्य राजभाषा अधिकारी सह वरीय मंडल वित्त प्रबंधक श्री गणनाथ झा, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री आलोक कुमार झा तथा मंडल के विभिन्न शाखा अधिकारियों एवं राजभाषा से संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया।बैठक के दौरान जनवरी से मार्च 2025 तिमाही में मंडल में राजभाषा हिंदी के प्रयोग एवं प्रसार की विस्तृत समीक्षा की गई। मंडल रेल प्रबंधक श्री विनय श्रीवास्तव ने इस अवधि में किए गए राजभाषा कार्यों की सराहना करते हुए अधिकारियों को हिंदी के प्रयोग को और अधिक बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजभाषा हिंदी के प्रयोग को सुचारु रूप से लागू करने के लिए सभी विभागों को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए तथा हिंदी में कार्य करने को प्राथमिकता देनी चाहिए।मुख्य राजभाषा अधिकारी श्री गणनाथ झा ने मंडल में हिंदी के प्रयोग एवं राजभाषा नीति के क्रियान्वयन की स्थिति पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि मंडल के विभिन्न कार्यालयों में हिंदी में कार्य करने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं और अधिकारियों व कर्मचारियों को राजभाषा नीति के अनुरूप कार्य करने हेतु लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है।इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री आलोक कुमार झा ने कहा कि हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिए मंडल स्तर पर विभिन्न कार्यशालाओं, संगोष्ठियों तथा प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राजभाषा के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे।बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने हिंदी के अधिकतम प्रयोग हेतु अपने-अपने सुझाव दिए और राजभाषा संबंधी गतिविधियों को और प्रभावी बनाने के लिए ठोस कदम उठाने पर सहमति व्यक्त की।

समस्तीपुर

किसानों एवं पशुपालकों के बीच उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

नया विचार सरायरंजन : जापानी अंतर्राष्ट्रीय सहयोग एजेंसी के तहत उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन बुधवार को प्रखंड के सीमावर्ती आनंदपुर स्थित दुग्ध उत्पादक समिति में किया गया। यह कार्यक्रम मिथिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड, समस्तीपुर के सहयोग से संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दुग्ध उत्पादकों और उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं स्वच्छ डेयरी उत्पादों के प्रति जागरूक बनाना था। कार्यक्रम के दौरान दूध और दुग्ध उत्पादों की शुद्धता, मिलावट की पहचान, और उपभोक्ता अधिकारों पर विस्तृत चर्चा की गई।कार्यक्रम में संघ के विपणन सहायक प्रेम कुमार एवं ग्रामीण विपणन सुनील कुमार मौजूद रहे। साथ ही, स्थानीय दुग्ध उत्पादक किसानों की भी सक्रिय भागीदारी रही। इस सफल आयोजन में पथ पर्यवेक्षक शंभु कुमार, कॉर्डिनेटर अरुण कुमार सिन्हा, राम लखन प्रसाद, समिति के सचिव राम एकबाल राय , अध्यक्ष राम बाबू राय, अनिल राय, बलवंत सिंह राठौर सहित समिति के सदस्योंऔर स्थानीय किसानो का विशेष योगदान रहा।

समस्तीपुर

Samastipur Bus Stand Tender- समस्तीपुर में कर्पूरी बस पड़ाव का नया ठेका 70.55 लाख रुपये में श्यामला देवी को मिला एक साल का टेंडर ।तीन लोगों ने भरा था पर्चा ।

नया विचार समस्तीपुर- समस्तीपुर नगर निगम में कर्पूरी बस पड़ाव और कीलखाना के वित्तीय वर्ष 2025-26 की बंदोबस्ती प्रक्रिया पूरी हो गई है। मेयर अनिता राम की अध्यक्षता में आयोजित डाक प्रक्रिया में कर्पूरी बस पड़ाव का ठेका श्यामला देवी को मिला है।समस्तीपुर जिले के जितवारपुर की श्यामला देवी ने 69.26 लाख रुपये की सुरक्षित जमा राशि के मुकाबले 70.55 लाख रुपये में बस पड़ाव का टेंडर हासिल किया। इस टेंडर के लिए कुल तीन आवेदन मिले थे। श्यामला देवी के अलावा आनंद कुमार और खुशबू देवी ने भी बोली लगाई थी।यह बंदोबस्ती 1 मार्च 2025 से 31 मार्च 2026 तक के लिए है। पिछले साल 2024-25 में अगस्त माह में 40.40 लाख रुपये में छह महीने के लिए री-टेंडर निकाला गया था।इसी के साथ कीलखाना का ठेका शिव प्रकाश सुमन को 28,224 रुपये में मिला है। कीलखाना के लिए दो आवेदन मिले थे, लेकिन एक अभ्यर्थी के दस्तावेज अपूर्ण होने के कारण केवल एक ही बोली लगी।टेंडर मिलने के बाद श्यामला देवी के सहयोगी जिला मोटर व्यवसायी संघ कार्यालय पहुंचे। वहां संगठन के जिलाध्यक्ष संजय कुमार सिंह और महासचिव संजीव कुमार सुमन समेत वाहन मालिकों ने उनका स्वागत किया।

समस्तीपुर

Special Train- 02 जोड़ी समर स्पेशल ट्रेनों का परिचालन

 नया विचार समस्तीपुर: ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ के मद्देनजर उनकी सुगम आवागमन हेतु रेलवे द्वारा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन का निर्णय लिया गया है जिनका विवरण निम्नानुसार है –  1. गाड़ी संख्या 01043/01044 लोकमान्य तिलक-समस्तीपुर-लोकमान्य तिलक स्पेशल (मुजफ्फरपुर-पाटलिपुत्र-डीडीयू-प्रयागराज छिवकी-इटारसी-भुसावल के रास्ते): गाड़ी संख्या 01043 लोकमान्य तिलक टर्मिनल-समस्तीपुर स्पेशल 08 अप्रैल से 24 जून, 2025 तक सप्ताह के प्रत्येक मंगलवार को लोकमान्य तिलक टर्मिनल से 12.15 बजे खुलकर अगले दिन 17.10 बजे पाटलिपुत्र रूकते हुए 21.15 बजे समस्तीपुर पहुंचेगी । वापसी में, गाड़ी संख्या 01044 समस्तीपुर-लोकमान्य तिलक स्पेशल 09 अप्रैल से 25 जून, 2025 तक सप्ताह के प्रत्येक बुधवार को समस्तीपुर से 23.20 बजे खुलकर अगले दिन 02.20 बजे पाटलिपुत्र रूकते हुए तीसरे दिन 11.00 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनल पहुंचेगी ।  2. गाड़ी संख्या 01663/01664 रानी कमलापति-सहरसा-रानी कमलापति एक्सप्रेस स्पेशल (बरौनी-हाजीपुर-पाटलिपुत्र-डीडीयू-जबलपुर-इटारसी के रास्ते): गाड़ी संख्या 01663 रानी कमलापति-सहरसा एक्सप्रेस स्पेशल 07 अप्रैल से 30 जून, 2025 तक रानी कमलापति से सप्ताह के प्रत्येक सोमवार को 16.30 बजे खुलकर अगले दिन 10.00 बजे पाटलिपुत्र रूकते हुए 15.15 बजे सहरसा पहुंचेगी । वापसी में, गाड़ी संख्या 01664 सहरसा-रानी कमलापति एक्सप्रेस स्पेशल 08 अप्रैल से 01 जुलाई, 2025 तक प्रत्येक मंगलवार को सहरसा से 18.30 बजे खुलकर अगले दिन 00.10 बजे पाटलिपुत्र रूकते हुए 21.10 बजे रानी कमलापति पहुंचेगी ।

समस्तीपुर

जिलाधिकारी ने बाबा केवल धाम मेला को लेकर दिया कई निर्देश 

नया विचार समस्तीपुर– जिलाधिकारी समस्तीपुर रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में आगामी बाबा केवल धाम एवं बाबा अमर सिंह राजकीय मेले की तैयारी से संबंधित समीक्षात्मक बैठक का आयोजन समाहरणालय सभागार समस्तीपुर में गुरुवार को किया गया। मेले की तैयारी के विषय में सर्वप्रथम जिलाधिकारी महोदय द्वारा कार्यपालक अभियंता स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन समस्तीपुर से मंदिर के रंग रोगन एवं मेले में स्थित अन्य भवनों की मरम्मती एवं रंग रोगन के विषय में पृच्छा की गई ।कार्यपालक अभियंता द्वारा बताया गया की कार्य प्रगति पर है एवं दिनांक 31 मार्च तक कार्य पूर्ण कर लिए जाएंगे ।इसी प्रकार कार्यपालक अभियंता पीएचईडी द्वारा भी बताया गया कि पेय जल, अस्थाई स्नानागार एवं चेंजिंग रूम तथा अस्थाई शौचालय की व्यवस्था से संबंधित कार्य प्रगति पर है एवं दिनांक 2 अप्रैल तक सभी कार्य पूर्ण कर लिए जाएंगे। नजारत उप समाहर्ता द्वारा जिलाधिकारी महोदय को बताया गया कि विभिन्न श्रद्धालुओं के ठहरने हेतु अस्थाई पंडाल एवं अस्थाई विद्युतीकरण हेतु तैयारी कार्य प्रारंभ कर दी गई है जो दिनांक 2 अप्रैल तक पूरी कर ली जाएगी। इसके पश्चात जिलाधिकारी समस्तीपुर द्वारा अनुमंडल पदाधिकारी समस्तीपुर सदर एवं अनुमंडल पदाधिकारी पटोरी को निर्देश दिया गया कि किन-किन स्थानों पर क्या कार्य किया जाना है से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट दो दिनों के अंदर समर्पित करेंगे । साथ ही नजारत उप समाहर्ता को निर्देश दिया गया की प्रमुख स्थलों पर अनुमंडल पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर सीसीटीवी कैमरा लगवाना सुनिश्चित करेंगे एवं कंट्रोल रूम में उनका डिस्प्ले लगाएंगे। साथ ही पर्याप्त रोशनी की निर्बाध व्यवस्था हेतु आवश्यक कार्रवाई करेंगे इस संदर्भ में कार्यपालक अभियंता विद्युत से समन्वय स्थापित करेंगे। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी समस्तीपुर सदर श्री दिलीप कुमार , अनुमंडल पदाधिकारी पटोरी श्री विकास कुमार पांडे, भूमि सुधार उपसमाहर्ता पटोरी प्रियंका कुमारी, नजारत उप समाहर्ता श्री रजनीश कुमार राय ,जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री महमूद आलम, कार्यपालक अभियंता भवन श्री शशांक, कार्यपालक अभियंता पीएचईडी श्री अभिषेक एवं कार्यपालक अभियंता स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन श्री रवि गुप्ता सहित सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

समस्तीपुर

समस्तीपुर मंडल में पेंशन अदालत का आयोजन, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के 28 मामलों का त्वरित निस्तारण

नया विचार समस्तीपुर-  समस्तीपुर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभागार में आज सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों की शिकायतों के त्वरित निवारण हेतु वर्ष 2025 की प्रथम पेंशन अदालत का आयोजन किया गया। इस अदालत में कुल 30 मामले प्रस्तुत किए गए, जिनमें से 28 मामलों का तत्काल समाधान कर दिया गया, जबकि शेष 2 मामलों को प्रक्रियाधीन रखा गया है, जिनका उनकी सेवा पुस्तिका में उपलब्ध रिकार्ड की आवश्यक जांच के पूर्ण होने के बाद किया जाएगा। पेंशन अदालत के आयोजन का मुख्य उद्देश्य सेवानिवृत्त रेल कर्मियों की पेंशन संबंधी समस्याओं का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान करना होता है। इस अवसर पर समस्तीपुर मंडल के रेल प्रबंधक श्री विनय श्रीवास्तव उपस्थित रहे। उनके साथ मंडल के विभिन्न शाखा अधिकारियों एवं पेंशनर्स एसोसिएशन के सदस्यों ने भी अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई।मंडल रेल प्रबंधक श्री विनय श्रीवास्तव ने पेंशन अदालत की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदुस्तानीय रेलवे अपने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के कल्याण के प्रति सदैव प्रतिबद्ध है। उन्होंने सेवानिवृत कर्मचारियों को आस्वस्त किया वे अपनी सेवा से संबंधित समस्या के समाधान हेतु कार्यावधि के दौरान कभी भी उनसे मिल सकते हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे पेंशनभोगियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top