रांची से पंकज त्रिपाठी की रिपोर्ट
रांची : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) में हुई गड़बड़ियों की जांच कर रही सीआईडी (CID) टीम ने मामले में बड़ी कार्रवाई की है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सीआईडी ने जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांगते का पासपोर्ट जब्त कर लिया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है. मंगलवार को सीआईडी ने पूर्व अध्यक्ष से करीब 8 घंटे तक पूछताछ की, जिसके बाद यह कदम उठाया गया. बुधवार को उन्हें फिर से पूछताछ के लिए बुलाया गया है. इससे पहले सीआईडी ने उनके आवास पर छापेमारी की थी और आयोग के अन्य सदस्यों से मिली जानकारियों के आधार पर उन्हें समन भेजकर तलब किया था.
सीएम हेमंत सोरेन के निर्देश पर पड़ा था छापा
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में धांधली और अनियमितताओं की लगातार शिकायतें मिल रही थीं. मुख्यमंत्री के सख्त निर्देश के बाद सीआईडी और रांची पुलिस की संयुक्त टीम ने जेपीएससी मुख्यालय पर अचानक छापेमारी की थी. इस दौरान बरामद हुए अहम साक्ष्यों और दस्तावेजों के आधार पर पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया था. गिरफ्तार लोगों में आयोग की उप परीक्षा नियंत्रक श्वेता गुप्ता और परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेंसी के पूर्व मार्केटिंग मैनेजर (वर्तमान में गोड्डा के पोड़ैयाहाट में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी) अभय कुमार तिवारी शामिल थे. इन गिरफ्तारियों के बाद ही चेयरमैन की भूमिका पर गंभीर सवाल उठने लगे थे, जिसके बाद एल. ख्यांगते ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था.
ये भी पढ़ें: घटिया पनीर और एक्सपायर्ड ब्रेड मिली, रांची के बेकरी-रेस्टोरेंट में फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट की छापेमारी
ख्यांगते का दावा- ‘पारदर्शिता के लिए दिया इस्तीफा’
पूछताछ के लिए उपस्थित होने से पूर्व सोमवार को मीडिया से बात करते हुए पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांगते ने कहा था कि उन पर इस्तीफा देने का कोई नेतृत्वक या प्रशासनिक दबाव नहीं था. जांच निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से हो सके, इसी मंशा से उन्होंने अपने पद से त्यागपत्र दिया था. हालांकि, दूसरी तरफ गिरफ्तार उप परीक्षा नियंत्रक श्वेता गुप्ता ने सीआईडी पूछताछ में बड़ा खुलासा करते हुए दावा किया है कि आयोग में जो कुछ भी हुआ, वह सब एल. ख्यांगते की पूरी जानकारी में ही हुआ था. सीआईडी अब जब्त दस्तावेजों और गिरफ्तार सदस्यों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की रणनीति बना रही है.
ये भी पढ़ें: झारखंड में एएसडीडी वोटर लिस्ट पर कांग्रेस पहुंची चुनाव आयोग, ‘लापता’ मतदाताओं की संख्या पर उठाए सवाल
The post JPSC धांधली में CID का शिकंजा: 8 घंटे की पूछताछ के बाद पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांगते का पासपोर्ट जब्त, बुधवार को फिर पेशी appeared first on Naya Vichar.
