Hot News

Nvidia CEO Jensen Huang की ब्लैक लेदर जैकेट 9.4 करोड़ रुपये में बिकी, अनुमान से 16 गुना ज्यादा मिली कीमत

दुनिया की सबसे मूल्यवान टेक कंपनियों में शामिल Nvidia के CEO जेन्सन हुआंग (Jensen Huang) की पहचान बन चुकी ब्लैक लेदर जैकेट रिकॉर्ड कीमत पर नीलाम हुई है. मशहूर ऑक्शन हाउस Sotheby’s में हुई नीलामी में यह जैकेट 9.60 लाख डॉलर (करीब 9.4 करोड़ रुपये) में बिकी, जो शुरुआती अनुमान से लगभग 16 गुना अधिक है. ऑक्शन से मिली पूरी राशि टेक्नोलॉजी और साइंस के क्षेत्र में काम कर रहे युवा इनोवेटर्स की मदद के लिए दान की जाएगी.

अनुमान से कई गुना ज्यादा मिली कीमत

नीलामी से पहले इस जैकेट की कीमत 40,000 से 60,000 डॉलर (करीब 33 लाख से 50 लाख रुपये) आंकी गई थी. लेकिन बोली के दौरान इसकी कीमत तेजी से बढ़ती गई और आखिरकार यह करीब 9.60 लाख डॉलर में बिक गई.

किस काम आएगा नीलामी का पैसा?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, नीलामी से प्राप्त पूरी राशि सैन फ्रांसिस्को स्थित वेंचर कैपिटल फर्म Long Journey Ventures की पहल के तहत Age Institute नामक गैर-लाभकारी संगठन को दी जाएगी.

यह संस्था टेक्नोलॉजी, साइंस, संस्कृति और समाज से जुड़े शोधकर्ताओं, वैज्ञानिकों और इनोवेटर्स को नए विचारों और रिसर्च प्रोजेक्ट्स पर काम करने के लिए सहयोग देती है. इस फंड का इस्तेमाल फेलोशिप और रिसर्च कार्यक्रमों पर किया जाएगा.

टेक दुनिया का स्टाइल आइकन बन चुकी है यह जैकेट

सिलिकॉन वैली में जैसे स्टीव जॉब्स अपने ब्लैक टर्टलनेक और मार्क जुकरबर्ग अपनी ग्रे टी-शर्ट या हुडी के लिए जाने जाते थे, वैसे ही जेन्सन हुआंग की ब्लैक लेदर जैकेट उनकी पहचान बन चुकी है.

वह Nvidia के लगभग हर बड़े प्रोडक्ट लॉन्च, डेवलपर कॉन्फ्रेंस और कीनोट प्रेजेंटेशन में इसी तरह की ब्लैक लेदर जैकेट पहने नजर आते हैं.

2023 के ताइपे इवेंट में पहनी थी यही जैकेट

नीलामी में शामिल यह जैकेट लग्जरी फैशन ब्रांड Tom Ford की है. जेन्सन हुआंग ने इसे 18 अक्टूबर 2023 को ताइपे में आयोजित Hon Hai Tech Day के दौरान पहना था.

Sotheby’s ने इवेंट की तस्वीरों के जरिए इस जैकेट की पुष्टि की, जबकि इस पर मौजूद जेन्सन हुआंग के हस्ताक्षर का सत्यापन James Spence Authentication ने किया.

टॉम फोर्ड जैकेट्स के बड़े प्रशंसक हैं Jensen Huang

फैशन एक्सपर्ट्स के अनुसार, जेन्सन हुआंग लंबे समय से Tom Ford की लेदर जैकेट्स पहनते आ रहे हैं. उनकी कई जैकेट्स की कीमत 10,000 डॉलर (करीब 8.3 लाख रुपये) या उससे भी अधिक होती है. उनकी यह स्टाइल अब टेक इंडस्ट्री में एक अलग ब्रांड पहचान बन चुकी है.

दुनिया के सबसे अमीर लोगों में शामिल हैं Jensen Huang

Forbes Real-Time Billionaires List के मुताबिक, Nvidia के CEO जेन्सन हुआंग की कुल संपत्ति करीब 175 अरब डॉलर (लगभग 16.84 लाख करोड़ रुपये) है. इसी के साथ वह दुनिया के सातवें सबसे अमीर व्यक्ति हैं.

उनके नेतृत्व में Nvidia ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चिप्स के क्षेत्र में अभूतपूर्व सफलता हासिल की है और कंपनी का बाजार मूल्य भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुका है.

The post Nvidia CEO Jensen Huang की ब्लैक लेदर जैकेट 9.4 करोड़ रुपये में बिकी, अनुमान से 16 गुना ज्यादा मिली कीमत appeared first on Naya Vichar.

Spread the love

विनोद झा
संपादक नया विचार

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top