पानागढ़ से मुकेश तिवारी की रिपोर्ट
पूर्व बर्धमान जिले के मंगलकोट में मंगलवार को एनआईए की कार्रवाई के बाद पालिशग्राम की मस्जिद के इमाम पियार मोहम्मद शेख को गिरफ्तार कर लिया गया. प्रतिबंधित आतंकी संगठन जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश (Jamat Ul Mujahideen Bangladesh) यानी जेएमबी से कथित संबंध के आरोप में यह कार्रवाई की गयी. एनआईए की टीम ने पहले इमाम को हिरासत में लिया. करीब 6 घंटे तक पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.
तड़के पालिशग्राम पहुंची एनआईए की टीम
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की विशेष टीम ने मंगलवार तड़के पालिशग्राम क्षेत्र में अभियान चलाया. कार्रवाई के दौरान मस्जिद के इमाम पियार मोहम्मद शेख को हिरासत में लिया गया और पूछताछ के लिए मंगलकोट थाना ले जाया गया.
पालिशग्राम मस्जिद में इमाम थे पियार मोहम्मद
स्थानीय लोगों ने बताया कि पियार मोहम्मद शेख पालिशग्राम मस्जिद में इमाम के थे. मूल रूप से वह पूर्व बर्धमान जिले के मोंटेश्वर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं. एनआईए की कार्रवाई के बाद लोगों को पता चला कि कथित तौर पर उनके जेएमबी से संबंध हैं, इसलिए एनआईए की छापेमारी हुई है.
ये भी पढ़ें: हिंदुस्तान-पाकिस्तान तनाव के बीच बंगाल से जेएमबी के 2 आतंकवादी गिरफ्तार
मंगलकोट थाने में इमाम से पूछताछ
एनआईए अधिकारियों ने मंगलकोट थाने में पियार मोहम्मद शेख से कई चरणों में करीब 6 घंटे तक पूछताछ की. जांच एजेंसी के अनुसार, पूछताछ का केंद्र बांग्लादेश स्थित प्रतिबंधित आतंकी संगठन से कथित संपर्क और कुछ संदिग्ध गतिविधियों से जुड़ी जानकारी थी.
जांच के केंद्र में जेएमबी से कथित संपर्क
पूछताछ के दौरान पियार मोहम्मद शेख के कथित तौर पर मिले विरोधाभासी जवाबों के बाद एनआईए ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया. एनआईए पहले भी पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के राज्यों में जेएमबी से जुड़े नेटवर्क तथा उसके एक गुट की गतिविधियों की जांच कर चुकी है.
ये भी पढ़ें: हिंदुस्तान-पाकिस्तान तनाव के बीच बंगाल से एक और बांग्लादेशी आतंकवादी गिरफ्तार
इन गतिविधियों की जांच कर रही एनआईए
- संगठन के विस्तार
- युवाओं को कट्टरपंथ की ओर आकर्षित करने
- आतंकवाद से जुड़ी गुप्त गतिविधियां
एनआईए की आगे की कार्रवाई पर नजर
मंगलकोट में मस्जिद के इमाम की प्रतिबंधित आतंकी संगठन से कथित संबंध के आरोप में गिरफ्तारी की समाचार सामने आते ही आसपास के क्षेत्रों में हलचल मच गयी. पियार मोहम्मद शेख की गिरफ्तारी के बाद अब एनआईए की आगे की कार्रवाई पर नजरें टिकी हैं.
The post आतंकी संगठन जेएमबी से संपर्क के आरोप में बंगाल से इमाम गिरफ्तार, मंगलकोट थाने में 6 घंटे हुई पूछताछ appeared first on Naya Vichar.