नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर – सेवा संकल्प अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा-2026 के तहत सोमवार को जिला गंगा समिति, जिला प्रशासन समस्तीपुर एवं नगर परिषद शाहपुर पटोरी के संयुक्त तत्वावधान में स्वच्छता अभियान चलाया गया। अनुमंडल कार्यालय क्षेत्र में डीएसपी आवास के निकट वार्ड संख्या-11 स्थित तालाब के किनारे श्रमदान कर साफ-सफाई की गई। इसके बाद तालाब परिसर में पौधारोपण किया गया।
कार्यक्रम में डीपीओ नमामि गंगे नीरजेश कुमार, नगर परिषद शाहपुर पटोरी के कार्यपालक पदाधिकारी अजय कुमार, स्वच्छता पदाधिकारी सुशांत मिश्रा, वार्ड संख्या-11 के वार्ड पार्षद, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि सहित स्थानीय लोगों ने भाग लिया। सभी ने तालाब के चारों ओर सफाई कर कचरे को हटाया। सफाई के बाद परिसर में पौधे लगाए गए और लोगों को जलस्रोतों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया।
डीपीओ नमामि गंगे नीरजेश कुमार ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने आमलोगों से अपने आसपास के क्षेत्र के साथ-साथ नदी, तालाब एवं अन्य जलाशयों को स्वच्छ रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि जलस्रोतों की स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आमलोगों की भागीदारी भी जरूरी है।
चंदन चौक पर बांटे कपड़े के थैले
प्लास्टिक मुक्त अभियान के तहत चंदन चौक पर लोगों के बीच कपड़े के थैले का वितरण भी किया गया। लोगों से सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने और खरीदारी के दौरान कपड़े के थैले का उपयोग करने की अपील की गई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को नदी, तालाब एवं अन्य जलाशयों को स्वच्छ रखने के प्रति जागरूक करना तथा स्वच्छता अभियान में जनभागीदारी बढ़ाना था। अधिकारियों ने कहा कि नियमित साफ-सफाई और जागरूकता के माध्यम से जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाया जा सकता है।