गुप्त सूचना पर पुलिस ने घर में छापेमारी कर तीन पैकेट गांजा किया बरामद; हादसे के बाद पैकेट उठाकर ले जाने की चर्चा
नया विचार न्यूज़ सरायरंजन- मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में शनिवार को डिवाइडर से टकराई हुंडई कार से कथित रूप से गांजा के पैकेट उठाकर ले जाने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने रविवार सुबह गुप्त सूचना के आधार पर मुसरीघरारी नगर पंचायत गेट के समीप मनोज कुमार चौधरी के घर पर छापेमारी कर तीन पैकेट गांजा बरामद किया। बरामद गांजा का वजन 25 किलो बताया गया है। बाद में पुलिस ने दूसरी सूचना के आधार पर दोपहर में छापेमारी कर मनोज कुमार चौधरी को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 11 बजे मुसरीघरारी-समस्तीपुर मुख्य सड़क पर इफ्को एजेंसी के सामने एक हुंडई कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई थी। हादसे के बाद कार में सवार दो लोगों के मौके से चले जाने की बात सामने आई थी। दुर्घटना के बाद कार में कुछ पैकेट होने की चर्चा हुई। स्थानीय लोगों के बीच इन पैकेटों में गांजा होने की बात कही गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद मौके पर मौजूद कुछ लोग कार से पैकेट उठाकर ले गए थे।
मामले की समाचार प्रकाशित होने के बाद पुलिस भी सक्रिय हुई। रविवार सुबह मुसरीघरारी थाना के एएसआई बरजेश कुमार को गुप्त सूचना मिली कि हादसे के बाद कथित रूप से उठाकर ले जाया गया गांजा मनोज कुमार चौधरी ने अपने घर में रखा है। सूचना के सत्यापन के लिए एएसआई बरजेश कुमार पुलिस बल के साथ सुबह करीब 8:30 बजे मनोज कुमार चौधरी के घर पहुंचे और छापेमारी की। पुलिस के पहुंचते ही घर के सभी सदस्य वहां से फरार हो गए।
इसके बाद पुलिस ने घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक बक्से में रखे तीन पैकेट बरामद किए गए। पुलिस पैकेटों को जब्त कर थाने ले आई। वहां सरायरंजन के राजस्व पदाधिकारी सह दंडाधिकारी विश्वजीत कुमार की मौजूदगी में बरामद पदार्थ का वजन कराया गया। वजन करने पर कुल 25 किलो गांजा पाया गया।
इसी बीच पुलिस को दोबारा गुप्त सूचना मिली कि मनोज कुमार चौधरी अपने घर पर मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने रविवार दोपहर फिर उसके घर पर छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि हादसे के बाद कार से पैकेट उठाने में एक दर्जन से अधिक लोग शामिल थे। हालांकि, पुलिस की ओर से फिलहाल एक व्यक्ति की गिरफ्तारी और उसके घर से 25 किलो गांजा बरामद होने की पुष्टि की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटनाग्रस्त कार में वास्तव में कितना मादक पदार्थ था और मौके से कितने पैकेट तथा किस-किस व्यक्ति द्वारा उठाए गए।
पुलिस घटना के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की भी जांच करेगी। फुटेज सामने आने के बाद हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों और कथित रूप से पैकेट ले जाने वालों की पहचान में मदद मिल सकती है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि बरामद गांजा दुर्घटनाग्रस्त कार से से संबंधित कर मलिक और दो सवार पर कार्रवाई करेगी गाड़ी चालक गाड़ी मालिक और दो भागने वाले लोगों के पहचान कर सभी के ऊपर प्राथमिक की दर्ज की जाएगी
बताया जा रहा है कि समय रहते मिली गुप्त सूचना के कारण पुलिस मनोज कुमार चौधरी तक पहुंच सकी और उसके घर से 25 किलो गांजा बरामद किया जा सका। अब पुलिस की अगली कार्रवाई पर नजर है। सीसीटीवी फुटेज की जांच और अन्य लोगों की पहचान के बाद मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है। थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले में और जानकारी ली जा रही है जो भी लोग इस लूट में शामिल हो गए उन लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी