कोलंबिया में सोमवार ( 10 अगस्त ) को आए 7.4 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने देश के कई हिस्सों में भारी दहशत पैदा कर दी. हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, भूकंप के झटके राजधानी बोगोटा समेत कई बड़े शहरों में महसूस किए गए. प्रारंभिक मिली जानकारी अनुसार इस प्राकृतिक आपदा में कम से कम 20 लोगों की मौत हुई है. इनमें 18 मौतें पेरेरा और 2 मौतें मनिजालेस में हुईं.
इक्वाडोर और पनामा तक महसूस हुए झटके
भूकंप के तेज झटके पड़ोसी देशों इक्वाडोर और पनामा में भी महसूस किए गए. वेनेजुएला की सीमा के आसपास के इलाकों में भी धरती हिली. यह वही क्षेत्र है, जहां करीब दो महीने पहले भी शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचाई थी.
चोको प्रांत में था भूकंप का केंद्र
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) और कोलंबिया की भूवैज्ञानिक एजेंसी ने भूकंप की तीव्रता 7.4 बताई है। हालांकि, कोलंबियाई एजेंसी ने शुरुआती तौर पर इसकी तीव्रता 6.6 बताई थी. भूकंप का केंद्र प्रशांत तट पर स्थित चोको प्रांत में सैन जोसे डेल पालमार के पास बताया गया है. यह राजधानी बोगोटा से करीब 400 किलोमीटर पश्चिम में है.
कोलंबिया के राष्ट्रपति अबेलार्डो डी ला एस्प्रिएला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि वह राहत और बचाव अभियान की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करेंगे. उन्होंने सैन जोसे डेल पालमार में एक आपातकालीन केंद्र स्थापित करने की बात भी कही है.
79 किलोमीटर की गहराई में आया भूकंप
कोलंबिया की आपदा प्रबंधन एजेंसी UNGRD के मुताबिक, भूकंप करीब 79 किलोमीटर या उससे अधिक गहराई में आया. USGS ने इसका केंद्र सैन जोसे डेल पालमार से करीब 5 किलोमीटर पूर्व में बताया. भूकंप सोमवार सुबह स्थानीय समय के अनुसार 7:34 बजे आया.
इमारतों में पड़ी दरारें, सड़कों पर भागे लोग
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कई इमारतों में दरारें दिखाई दीं. मनिजालेस में लोग झटकों के दौरान सड़कों पर भागते नजर आए। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, काली, आर्मेनिया, पेरेरा और मेडेलिन में भी कई इमारतों में दरारें आई हैं. कुछ जगहों पर इमारतों के बाहरी हिस्से और अग्रभाग क्षतिग्रस्त होने की तस्वीरें सामने आईं.
बोगोटा में घरों से बाहर निकले लोग
राजधानी बोगोटा में भूकंप के झटके महसूस होते ही लोग घबराकर घरों और इमारतों से बाहर निकल आए, कई लोग पजामा पहने ही सड़कों पर आ गए. हालांकि, बोगोटा के मेयर ने शुरुआती आकलन में शहर में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं होने की बात कही है. मेडेलिन में भी फिलहाल किसी के घायल होने की शुरुआती सूचना नहीं मिली.
दो महीने पहले वेनेजुएला में भी आया था बड़ा भूकंप
यह भूकंप ऐसे समय आया है जब जून के आखिर में वेनेजुएला में लगातार 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंप आए थे. उन भूकंपों में सैकड़ों इमारतें तबाह हुई थीं और 5,000 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी. हालांकि, वे भूकंप केवल 10 से 22 किलोमीटर की गहराई में आए थे, जबकि कोलंबिया का भूकंप करीब 79 किलोमीटर गहरा था. प्रशासन अब आफ्टरशॉक्स और संभावित नए नुकसान को लेकर सतर्क है.
ये भी पढ़ें: PoK चुनाव में बवाल: हवेली में झड़प, बाग में तनाव; 7 सीटों पर मतदान टला
The post कोलंबिया में 7.4 तीव्रता के भूकंप से दहशत, 20 की मौत; इक्वाडोर-पनामा तक कांपी धरती appeared first on Naya Vichar.