Skincare Myths: आज के समय में सोशल मीडिया और इंटरनेट पर स्किनकेयर से जुड़े कई तरह के नुस्खे और ट्रीटमेंट्स खूब वायरल होते रहते हैं. जब भी आप सोशल मीडिया स्क्रॉल करते हैं, आपको कोई न कोई नुस्खा जरूर देखने को मिलता है, जो यह क्लेम करता है कि इसे अपनाने से आपकी कोई भी प्रॉब्लम दूर हो सकती है. इन्हीं नुस्खों में से एक बहुत ही पॉपुलर नुस्खा है चेहरे पर बर्फ को लगाना या फिर रगड़ना. आज के समय में इसे ‘आइस फेशियल’ के नाम से भी जाना जाता है. बहुत से लोगों का यह मानना रहा है कि हर सुबह चेहरे पर अगर बर्फ रगड़ा जाए, तो चेहरा एकदम से ग्लोइंग बन जाता है, पिंपल्स गायब हो जाते हैं और साथ ही ढीली पड़ी स्किन भी टाइट हो जाती है. लेकिन क्या सच में चेहरे पर बर्फ रगड़ने से आपकी स्किन ग्लोइंग बन सकती है, या फिर यह सिर्फ एक अफवाह ही है? आज इस आर्टिकल में हम इसके पीछे की असली सच्चाई को बहुत ही आसान तरीके से आपको समझाने वाले हैं. जब आप इस आर्टिकल को पूरा पढ़ लेंगे, तो आपको यह समझ में आ जाएगा कि आपको सोशल मीडिया पर वायरल नुस्खों पर आंख मूंदकर भरोसा करना चाहिए या फिर नहीं.
क्या बर्फ रगड़ने से सच में आता है चेहरे पर ग्लो?
इस बात में थोड़ी सच्चाई तो जरूर है कि अगर आप अपने चेहरे पर बर्फ रगड़ते हैं, तो आपको एक इंस्टैंट ग्लो दिखाई जरूर देता है. लेकिन अब आपको यह समझना होगा कि यह ग्लो आपके चेहरे पर हमेशा के लिए नहीं रहने वाला है. जब आप अपने चेहरे पर बर्फ लगाते हैं या फिर रगड़ते हैं, तो बहुत ही ज्यादा ठंडक होने की वजह से आपके चेहरे के ब्लड वेसल्स, यानी कि खून की नसें कुछ देर के लिए सिकुड़ जाती हैं. लेकिन जब टेम्परेचर दोबारा नॉर्मल होता है, तो वहां पर खून का बहाव बहुत ही तेजी से बढ़ जाता है. इसी बढ़े हुए ब्लड सर्कुलेशन की वजह से आपका चेहरा कुछ देर के लिए गुलाबी, ग्लोइंग और फ्रेश दिखाई देने लगता है. बर्फ से मिलने वाला यह ग्लो सिर्फ कुछ घंटों का या फिर एक शॉर्ट-टर्म सॉल्यूशन होता है. यह आपकी स्किन को अंदर से गोरा या फिर हमेशा के लिए ग्लोइंग बनाकर रखने का कोई परमानेंट इलाज नहीं है.
ये भी पढ़ें: पिंपल्स तो चले गए, लेकिन दाग रह गए? इन आसान तरीकों से वापस पाएं चेहरे की नेचुरल ग्लो
बर्फ रगड़ने के असली फायदे क्या हैं?
अगर आप सही तरीके और सही क्वांटिटी में बर्फ का इस्तेमाल करते हैं, तो यह आपकी स्किन को कई तरह के फायदे जरूर पहुंचा सकती है. जैसे बहुत से लोगों का चेहरा या फिर आंखें सुबह सोकर उठने के बाद बहुत ही ज्यादा फूली हुई सी लगती हैं. इसे आम बोलचाल की भाषा में हम पफीनेस कहते हैं. ऐसे में बर्फ की ठंडी सिकाई करने से चेहरे की सूजन इंस्टैंट कम हो जाती है और चेहरा एकदम फ्रेश दिखने लगता है. इसके अलावा, अगर चेहरे पर कोई लाल रंग के दर्द देने वाले पिंपल्स निकल आये हैं, तो बर्फ लगाने से वहां की सूजन और दर्द में काफी आराम मिलता है. इसके अलावा, तेज धूप से वापस आने के बाद या दिनभर की थकान के बाद चेहरे पर ठंडी सिकाई करने से त्वचा को काफी राहत और सुकून मिलता है.
बर्फ से जुड़े कुछ बड़े मिथक और उनकी सच्चाई
इंटरनेट पर बर्फ को लेकर कई इस तरह की बातें फैलाई जाती हैं जो पूरी तरह से बिलकुल भी सच नहीं हैं. आधी सच्चाई होने की वजह से इन बातों पर आपको बिना सोचे-समझे कभी भी भरोसा नहीं करना चाहिए. जैसे कि बर्फ से जुड़ी एक सबसे बड़ी मिथक यह भी है कि इसे रगड़ने से ओपन पोर्स, यानी कि स्किन में मौजूद छोटे-छोटे छेद हमेशा के लिए बंद हो जाते हैं. लेकिन सच्चाई तो यह है कि चेहरे पर मौजूद ये पोर्स कोई दरवाजे नहीं हैं, जिन्हें आप खोल या फिर बंद कर सकें. बर्फ की ठंडक की वजह से वे कुछ देर के लिए सिकुड़ कर छोटे जरूर दिखते हैं, लेकिन जैसे ही स्किन का टेम्परेचर नॉर्मल होता है, वे वापस अपने ओरिजिनल साइज में आ जाते हैं. इसी तरह दूसरा मिथक यह भी है कि बर्फ से रिंकल्स खत्म हो जाते हैं, जबकि हकीकत यह है कि सिर्फ बर्फ लगाने से एजिंग के लक्षण या रिंकल्स ठीक नहीं होते, इसके लिए सही स्किनकेयर प्रोडक्ट्स और अच्छी डाइट की जरूरत होती है.
ये भी पढ़ें: न होगी चिपचिपाहट, न ही निकलेंगे पिंपल्स, मॉनसून में दिनभर फ्रेश लुक के लिए सुबह उठते ही अपनाएं ये 5 स्किनकेयर हैक्स
चेहरे पर बर्फ लगाने के नुकसान और सावधानियां
अगर आप बिना सोचे-समझे अपने चेहरे पर बर्फ को डायरेक्टली रगड़ते हैं, तो इसकी वजह से आपकी स्किन को फायदा होने की जगह पर नुकसान ज्यादा हो सकता है. हमारे चेहरे की स्किन बहुत ही ज्यादा नाजुक होती है और ऐसे में स्किन पर डायरेक्टली बर्फ को रगड़ने से स्किन के सेल्स डैमेज भी हो सकते हैं. मेडिकल टर्म्स में इसे आइस बर्न भी कहा जाता है. अगर आइस बर्न हो, तो इसकी वजह से आपका चेहरा लाल पड़ सकता है, उसमें रैशेज हो सकते हैं और साथ ही जलन भी महसूस हो सकती है. जिन लोगों की स्किन बहुत ज्यादा ड्राई, यानी सूखी होती है या जिनकी स्किन सेंसिटिव होती है, उन्हें चेहरे पर बर्फ लगाने से पूरी तरह बचना चाहिए क्योंकि इससे स्किन की ड्राइनेस और भी ज्यादा बढ़ जाती है. इसके अलावा, साइनस या सर्दी-खांसी की समस्या से परेशान लोगों को भी इससे दूर रहना चाहिए, वरना उनकी तबीयत बिगड़ सकती है.
चेहरे पर बर्फ रगड़ने का सही तरीका क्या है?
अगर आप अपने चेहरे पर बर्फ का इस्तेमाल करना चाहते ही हैं, तो इसके लिए आपको इसका सही तरीका जरूर मालूम होना चाहिए. जब आपको सही तरीका मालूम होता है, तो आपकी स्किन डैमेज होने से बची रहती है. जब भी आप चेहरे पर बर्फ का इस्तेमाल करें, तो सबसे पहले आपको इस बात का ख्याल रखना है कि इसे डायरेक्टली अपनी स्किन पर न रगड़ें. बर्फ को हमेशा किसी साफ कॉटन के कपड़े या रूमाल में लपेटकर ही चेहरे पर लगाना चाहिए. इसे कभी भी चेहरे पर बहुत ज्यादा देर तक नहीं रगड़ना चाहिए, बल्कि कपड़े में लिपटी बर्फ को सिर्फ एक से दो मिनट के लिए हल्के हाथों से पूरे चेहरे पर धीरे-धीरे घुमाना चाहिए. इसके अलावा, आपको इस बात का भी ख्याल रखना होगा कि आप बर्फ को एक ही जगह पर रोककर तो नहीं रख रहे हैं. जब भी आप चेहरे पर बर्फ रगड़ें, तो उससे पहले एक अच्छे फेसवॉश से अपने चेहरे को साफ जरूर कर लें. ऐसा इसलिए क्योंकि गंदे चेहरे पर बर्फ रगड़ने से चेहरे की गंदगी और बैक्टीरिया स्किन के अंदर जा सकते हैं, जिससे पिंपल्स और ज्यादा बढ़ सकते हैं.
ये भी पढ़ें: ऑयली स्किन से हर समय रहते हैं परेशान? घर पर बनाएं ये 3 टोनर, मिनटों में मिलेगा फ्रेश और ऑयल फ्री लुक
The post क्या चेहरे पर बर्फ रगड़ने से सच में आता है ग्लो या हो सकता है नुकसान? जानिए आइस फेशियल की पूरी सच्चाई appeared first on Naya Vichar.

