Hot News

छात्रों ने हेमंत सोरेन, राहुल गांधी और तेजस्वी यादव का पुतला जलाया, 18 अगस्त तक सरकार को दिया अल्टीमेटम

रांची से अभिषेक आनंद की रिपोर्ट

JPSC Student Protest: झारखंड की राजधानी रांची में जेपीएससी-जेएसएससी की कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों का प्रदर्शन 22वें दिन और आक्रामक हो गया. छात्रों ने अल्बर्ट एक्का चौक पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव का सांकेतिक पुतला दहन कर विरोध जताया. इससे पहले छात्र मौन मार्च और तिरंगा यात्रा समेत अलग-अलग तरीकों से अपनी नाराजगी दर्ज करा चुके हैं.

जेएसएससी सीजीएल रद्द करने और CBI जांच की मांग

छात्रों की प्रमुख मांगों में जेएसएससी सीजीएल परीक्षा को रद्द करना और पूरे मामले की सीबीआई जांच शामिल है. छात्रों का कहना है कि बातचीत के बावजूद उनकी कई मांगें अब तक नहीं मानी गयी हैं. वहीं प्रशासन की ओर से छात्रों की बड़ी संख्या में मांगें स्वीकार किए जाने की बात कही गयी है. इसी मतभेद के कारण आंदोलन खत्म होने के बजाय लगातार आगे बढ़ रहा है.

20 अगस्त को सीएम आवास का घेराव

आंदोलनकारी छात्रों ने प्रशासन को 18 अगस्त तक का अल्टीमेटम दिया है. छात्रों ने कहा है कि इस अवधि के भीतर प्रशासन बातचीत के लिए आगे आए और उनकी समस्याओं का समाधान निकाले. छात्रों के अनुसार, यदि 18 अगस्त तक कोई ठोस समाधान नहीं निकलता है, तो 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा. हालांकि छात्रों ने यह भी स्पष्ट किया है कि बातचीत से समाधान निकलता है, तो आंदोलन समाप्त करने पर विचार किया जा सकता है.

पुतला दहन के जरिए गठबंधन पर दबाव

छात्रों ने जिन तीन नेताओं के पुतले जलाये, वे सत्तारूढ़ गठबंधन के प्रमुख चेहरे हैं. प्रदर्शन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को निशाना बनाया गया. आंदोलनकारियों का यह कदम गठबंधन के नेताओं पर छात्रों की मांगों को लेकर दबाव बढ़ाने के तौर पर देखा जा रहा है. खासकर कांग्रेस पर यह दबाव है कि वह छात्रों की मांगों को प्रशासन के स्तर पर उठाकर जल्द वार्ता की स्थिति तैयार करे.

सड़क पर उतरे तो बढ़ी छात्रों की भीड़

आंदोलन स्थल पर छात्रों की संख्या में उतार-चढ़ाव के बावजूद विरोध कार्यक्रमों में बड़ी भीड़ जुट रही है. तिरंगा यात्रा और अन्य कार्यक्रमों के दौरान सड़कों पर बड़ी संख्या में छात्र नजर आये. इससे संकेत मिलता है कि आंदोलन में सक्रिय रूप से शामिल नहीं होने वाले कई छात्र भी मुद्दे को लेकर समर्थन जता रहे हैं और निर्धारित विरोध कार्यक्रमों में पहुंच रहे हैं.

प्रशासन और छात्रों के बीच संवाद की उम्मीद

लगातार प्रदर्शन के बीच प्रशासन की ओर से अधिकारियों की आवाजाही भी जारी है. एसडीएम, एडीएम और एएसपी समेत प्रशासनिक अधिकारी आंदोलन स्थल पर पहुंचते रहे हैं. छात्रों की ओर से भी यह कहा गया है कि समाधान का रास्ता संवाद से ही निकल सकता है. ऐसे में 18 अगस्त की समयसीमा से पहले प्रशासन और छात्रों के बीच दोबारा बातचीत शुरू होने की उम्मीद बनी हुई है.

श्वेत पत्र और नई नियुक्तियों का सुझाव

आंदोलन के समाधान के लिए प्रशासन की ओर से अब तक की कार्रवाई को सार्वजनिक करने का सुझाव भी सामने आया है. इसके तहत प्रशासन से श्वेत पत्र जारी कर यह बताने की मांग की गयी है कि छात्रों की ओर से पहले सौंपी गयी मांगों पर अब तक क्या कार्रवाई हुई. साथ ही जेएसएससी सीजीएल की करीब 2000 सीटें और जेपीएससी की कुछ सीटों पर उम्र सीमा में राहत के साथ नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने का सुझाव दिया गया है, ताकि आंदोलन कर रहे छात्र दोबारा अपनी पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी पर लौट सकें.

इसे भी पढ़ें: ‘हेमंत सोरेन बड़े भाई… निकालेंगे आभार यात्रा’, जानें CM आवास घेराव पर छात्रों ने क्या कहा?

20 अगस्त के फैसले पर टिकी नजर

22 दिन से जारी आंदोलन के बीच छात्रों की स्थिति भी चुनौतीपूर्ण बतायी जा रही है. बारिश और धूप के बीच प्रदर्शन कर रहे कई छात्रों के बीमार होने की बात सामने आयी है. ऐसे में आंदोलन के और लंबा खिंचने से चिंता बढ़ रही है. फिलहाल छात्रों ने 18 अगस्त तक बातचीत का रास्ता खुला रखा है. यदि इस दौरान प्रशासन और आंदोलनकारियों के बीच सहमति नहीं बनी, तो 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास के घेराव की घोषणा पर छात्र कायम हैं.

इसे भी पढ़ें: JPSC Student Protest: छात्रों के बीच पहुंचीं बॉलीवुड एक्ट्रेस कुनिका सदानंद, आंदोलन को दिया समर्थन

The post छात्रों ने हेमंत सोरेन, राहुल गांधी और तेजस्वी यादव का पुतला जलाया, 18 अगस्त तक प्रशासन को दिया अल्टीमेटम appeared first on Naya Vichar.

Spread the love

विनोद झा
संपादक नया विचार

You have been successfully Subscribed! Ops! Something went wrong, please try again.

About Us

नयाविचार एक आधुनिक न्यूज़ पोर्टल है, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रासंगिक समाचारों को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित है। यहां राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज, तकनीक, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाता है। नयाविचार का उद्देश्य पाठकों को विश्वसनीय और गहन जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे सही निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Quick Links

Who Are We

Our Mission

Awards

Experience

Success Story

© 2025 Developed By Socify

Scroll to Top