नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर | समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में सोमवार को जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आमजनों ने अपनी समस्याओं, शिकायतों और मांगों से संबंधित आवेदन जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए। डीएम ने आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को नियमानुसार जांच कर मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जन संवाद में भूमि एवं राजस्व, दाखिल-खारिज, अतिक्रमण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, बिजली, सड़क, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य समेत विभिन्न विभागों से जुड़े मामले सामने आए। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई करें। जिन मामलों में दूसरे विभाग या उच्च स्तर से कार्रवाई की आवश्यकता हो, उनमें संबंधित कार्यालयों से समन्वय स्थापित कर समाधान की दिशा में कार्रवाई करने को कहा।
डीएम ने कहा कि जन संवाद का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनना और उनके समाधान की प्रक्रिया को प्रभावी एवं त्वरित बनाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन के निष्पादन की स्थिति का नियमित रूप से अनुश्रवण किया जाए। जन शिकायतों के समाधान में अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े, यह अधिकारियों की जिम्मेदारी है। सभी पदाधिकारी संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में कार्य करें।
सामाजिक सुरक्षा और भूमि मामलों पर विशेष निर्देश
सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मामलों के निष्पादन एवं अनुश्रवण के लिए सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा साक्षी को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया। वहीं भूमि एवं राजस्व से संबंधित मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित राजस्व पदाधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।
जन संवाद में अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी विष्णु देव मंडल, राजस्व प्रभारी धर्मराज, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा साक्षी समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं संबंधित कर्मी मौजूद रहे।