राजस्थान के बीकानेर में हिंदुस्तान-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास पुलिस ने एक बड़े ड्रोन तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है. एएनआई न्यूज एजेंसी के मुताबिक, इसमें करोड़ों रुपये की हेरोइन और आधुनिक हथियारों की खेप बरामद की है. पुलिस अधीक्षक मृदुल कछवाहा ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर चलाए गए ‘ऑपरेशन शॉकवेव’ के दौरान यह कार्रवाई की गई. पुलिस ने मौके से पाली निवासी वीरेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया.
50 करोड़ की हेरोइन और हथियारों का जखीरा
पुलिस अधीक्षक मृदुल कछवाहा ने बताया कि ड्रोन के जरिए सीमा पार से कुल 10 किलो उच्च गुणवत्ता की अफगानी हेरोइन, 11 आधुनिक हथियार, 22 मैगजीन और करीब 100 राउंड कारतूस गिराए गए थे. शुरुआती जांच में बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 50 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है. अधिकारियों का कहना है कि हथियारों की संख्या और गुणवत्ता इस बात का संकेत देती है कि किसी बड़ी आतंकी वारदात की तैयारी की जा रही थी.
यह पहला मामला नहीं है जब पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए हिंदुस्तान में हथियार और नशीले पदार्थ भेजने की कोशिश की गई हो। पिछले कुछ वर्षों में पंजाब और राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में कई बार ड्रोन से हथियार, गोला-बारूद और हेरोइन गिराने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इन तस्करी नेटवर्क का इस्तेमाल नशे के कारोबार के साथ-साथ आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए भी किया जाता है।
पंजाब कनेक्शन आया सामने
जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क पंजाब से जुड़ा हुआ है। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह का मुख्य हैंडलर पहले फरीदकोट जेल में बंद था, जिसे बाद में बठिंडा जेल भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि बरामद खेप पंजाब में सप्लाई की जानी थी। अब पुलिस इस पूरे नेटवर्क के अन्य सदस्यों और सीमा पार बैठे संचालकों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
राजस्थान पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां 15 अगस्त से पहले सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए लगातार सीमा क्षेत्रों में विशेष अभियान चला रही हैं. पुलिस अधीक्षक मृदुल कछवाहा ने कहा कि बरामद हथियारों और हेरोइन की मात्रा को देखते हुए यह स्पष्ट है कि समय रहते कार्रवाई कर एक घटना को टाल दिया गया. अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं और सीमा पार बैठे मास्टरमाइंड तक कैसे पहुंचा जाए.
ये भी पढ़ें: CM भजनलाल शर्मा का अशोक गहलोत पर हमला,बोले- आप जादूगर हैं, लेकिन भ्रष्टाचार के लिए मशहूर
The post ड्रोन से मौत की डिलीवरी! बीकानेर बॉर्डर पर 10 किलो हेरोइन, 11 हथियार बरामद, पंजाब कनेक्शन ने बढ़ाई चिंता appeared first on Naya Vichar.
