उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी के निर्देश पर अधिकारियों ने किया स्थल भ्रमण, मोरवा में अतिरिक्त पुल और जल निकासी व्यवस्था का भी लिया जायजा
नया विचार न्यूज सरायरंजन। उपमुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी के निर्देश तथा उनके आप्त सचिव रजनीकांत चौधरी की पहल पर शुक्रवार को जल संसाधन विभाग की टीम ने तिरहुत मुख्य नहर के दोनों किनारों पर प्रस्तावित सेवा पथ (सर्विस रोड) के निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभाग के सहायक अभियंता, कनीय अभियंता एवं अन्य तकनीकी अधिकारियों ने प्रस्तावित सड़क की संभावनाओं और निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया।
प्रस्तावित सर्विस रोड सरायरंजन प्रखंड क्षेत्र में तिरहुत मुख्य नहर के अब तक निर्मित अंतिम छोर उदापट्टी (नगर पंचायत मुसरीघरारी) से गंगापुर तक लगभग 3 से 4 किलोमीटर लंबाई में बनाई जाएगी। इस सड़क के निर्माण से नहर के रखरखाव में सुविधा होगी, वहीं आसपास के गांवों के लोगों को भी बेहतर आवागमन का लाभ मिलेगा। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्थल की भौगोलिक स्थिति, भूमि की उपलब्धता तथा तकनीकी आवश्यकताओं का भी आकलन किया।
इसके बाद टीम ने सरायरंजन से सटे मोरवा प्रखंड के फतेहपुरवाला पंचायत का भी दौरा किया। यहां मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत दो स्थानों पर अतिरिक्त पुल निर्माण तथा जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए ह्यूम पाइप लगाने की आवश्यकता का स्थल पर जाकर निरीक्षण किया गया। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों और पंचायत के मुखिया से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनी गईं तथा आवश्यक सुझाव लिए गए।
निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने बताया कि स्थल पर प्राप्त तथ्यों और तकनीकी आवश्यकताओं के आधार पर संबंधित विभाग को आवश्यक पत्राचार कर दिया गया है। प्रस्तावित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि क्षेत्र की वर्षों पुरानी आवागमन और जल निकासी की समस्याओं का स्थायी समाधान हो सके।
निरीक्षण के दौरान जदयू जिला महासचिव विधाकर झा, सहायक अभियंता सुबोध कुमार, कनीय अभियंता धनंजय सिंह, अमीन प्रवीण कुमार, कृष्ण कुमार झा तथा भोलानाथ सिंह , विमल झा सहित विभागीय अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

