Deoghar News, देवघर (संजीत मंडल की रिपोर्ट): झारखंड के देवघर जिले में राशन वितरण व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन सख्त नजर आ रहा है. खाद्यान्न वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही मिलने पर संबंधित डीलर और संवेदक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी. वहीं बरसात शुरू होने से पहले सभी प्रशासनी और पैक्स गोदामों को दुरुस्त करने का अल्टीमेटम भी दिया गया है. ये निर्देश उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने शनिवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित खाद्य आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान दिए. बैठक में जिले की सार्वजनिक वितरण प्रणाली, खाद्यान्न भंडारण और डोर स्टेप डिलीवरी व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई.
जनवितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाने पर जोर
बैठक में डीसी ने कहा कि जनवितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाया जाए, ताकि जरूरतमंद लोगों तक समय पर राशन पहुंच सके. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि खाद्यान्न उठाव से लेकर डोर स्टेप डिलीवरी तक पूरी आपूर्ति श्रृंखला की लगातार निगरानी की जाए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर गड़बड़ी या अनियमितता सामने आने पर संबंधित डीलर और संवेदक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. डीसी ने अधिकारियों से कहा कि राशन वितरण व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आम लोगों को किसी भी स्थिति में परेशानी नहीं होनी चाहिए.
बरसात से पहले गोदामों की मरम्मत का निर्देश
उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने बैठक के दौरान सभी प्रशासनी और पैक्स गोदामों की स्थिति की भी समीक्षा की. उन्होंने बरसात शुरू होने से पहले सभी गोदामों की मरम्मत तय समय सीमा के भीतर पूरी करने का निर्देश दिया. डीसी ने कहा कि बारिश के दौरान यदि अनाज खराब होता है, तो इसके लिए संबंधित अधिकारियों और प्रबंधकों की जिम्मेदारी तय की जाएगी. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि खाद्यान्न की सुरक्षा में लापरवाही पाए जाने पर डीलरों के लाइसेंस रद्द किए जाएंगे और अधिकारियों पर विभागीय कार्रवाई होगी. उन्होंने गोदामों की साफ-सफाई, छत की मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया.
Also Read: Ramgarh: कस्तूरबा और बालिका आवासीय विद्यालयों में नामांकन को लेकर उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक
कमजोर जनजातीय परिवारों पर विशेष ध्यान
बैठक में विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (पीवीटीजी) के परिवारों को लेकर भी चर्चा की गई. डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे परिवारों की सूची तैयार कर उनका भौतिक सत्यापन कराया जाए. उन्होंने कहा कि यदि कोई परिवार अपने मूल स्थान से दूसरे इलाके में शिफ्ट हो गया है, तो वहां भी उन्हें राशन उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. प्रशासन का उद्देश्य यह है कि कोई भी पात्र परिवार राशन योजना के लाभ से वंचित न रहे.
डोर स्टेप डिलीवरी की होगी निगरानी
डीसी ने डोर स्टेप डिलीवरी व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि खाद्यान्न समय पर और सही मात्रा में जनवितरण दुकानों तक पहुंचे, इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग जरूरी है. उन्होंने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों और गोदाम प्रबंधकों को जिम्मेदारी के साथ काम करने का निर्देश दिया और कहा कि किसी भी शिकायत को गंभीरता से लिया जाए.
बैठक में कई अधिकारी रहे मौजूद
समाहरणालय में आयोजित समीक्षा बैठक में जिला आपूर्ति विभाग से जुड़े कई अधिकारी मौजूद थे. बैठक में प्रीतिलता किस्कू, रोहित कुमार विद्यार्थी सहित सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और गोदाम प्रबंधक शामिल हुए. बैठक के दौरान राशन वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाने और खाद्यान्न सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए.
Also Read: Deoghar: नीट पेपर लीक और महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ने फूंका केंद्र प्रशासन का पुतला
The post देवघर में राशन व्यवस्था में गड़बड़ी पर FIR तय, बरसात से पहले गोदाम दुरुस्त करने का अल्टीमेटम appeared first on Naya Vichar.

