पटना से नितिश सिंह की रिपोर्ट
Student Protest In Patna: नीट पेपर लीक मामला, जंतर-मंतर पर लाठीचार्ज और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर पटना में बुधवार को छात्र राजभवन मार्च के लिए निकले. राजभवन मार्च में शामिल छात्रों के जेपी गोलंबर पहुंचते ही पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया. बैरिकेडिंग के पास छात्रों के पहुंचते ही पुलिस ने छात्रों पर लाठीचार्ज करते हुए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया.
प्रशासन के खिलाफ की नारेबाजी
ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन के नेतृत्व में हजारों की संख्या में एक जुट होकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे. छात्रों के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने उन्हें आगे बढ़ने से रोकने के लिए आंसू गैस के चार गोले दागे हैं. पुलिस प्रशासन की ओर से बल प्रयोग किए जाने के बाद भी बड़ी संख्या में छात्र राजभवन मार्च के लिए जुटे हुए हैं.
छात्रों ने क्या कहा?
राजभवन मार्च के शामिल छात्रों ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार और शिक्षा के निजीकरण के खिलाफ देश भर में चल रहे आंदोलन के समर्थन में आगे भी छात्रों का प्रदर्शन जारी रहेगा. दूसरी तरफ लाठीचार्ज और अफरातफरी के दौरान कई छात्रों के साथ ही मीडियाकर्मियों को भी चोटें आईं हैं.
पुलिस से हुई नोंकझोंक और फिर मामला बढ़ा
गांधी मैदान स्थित जेपी गोलंबर के पास छात्र संगठनों ने प्रतियोगिता परीक्षाओं में गड़बड़ी होने, दिल्ली के जंतर-मंतर पर लाठीचार्ज का विरोध और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाने के लिए मार्च निकाला. इस दौरान जेपी गोलंबर पर पुलिस ने पहले से बैरिकेडिग कर रखी थी. छात्र प्रशासन और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राजभवन की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे थे. छात्रों ने बैरिकेड़िंग तोड़ कर आगे बढ़ने का प्रयास किया.
इस दौरान पुलिस से झड़प हो गई. भीड़ को बेकाबू होते देख पुलिस ने पहले वॉटर कैनन से पानी की बौछार की. इसके बावजूद जब छात्र पीछे नहीं हटे, तो पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्का लाठीचार्ज कर दिया. साथ ही आंसू गैस के गोले दागे. लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागते ही मौके पर भगदड़ मच गई और छात्र इधर-उधर भागने लगे. पुलिस ने छात्रों को खदेड़ दिया और इलाके को खाली करा लिया गया. करीब दो घंटे तक जेपी गोलंबर के पास अफरातफरी मची रही.
गांधी मैदान इलाके में लगा जाम
प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई के कारण पूरे गांधी मैदान और आसपास के इलाकों में घंटों यातायात बाधित रहा. राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. इसके कारण एग्जीविशन रोड, बाकरगंज और अन्य इलाके में जाम की समस्या हो गयी और वाहनों की लंबी लाइन लग गई.
Also Read: विधानसभा मॉनसून सत्र: सदन में तेजस्वी के गायब होने की चर्चा, बीजेपी MLA बोले- वे अमेरिका-ईरान युद्ध में मध्यस्थता करने गए
The post पटना में राजभवन मार्च के लिए निकले छात्रों पर पुलिस का लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले दागे, NEET पेपर लीक का किया विरोध appeared first on Naya Vichar.

