Monsoon Arrives in Bihar: बिहार में किशनगंज-अररिया के रास्ते बुधवार की देर रात मॉनसून बिहार में प्रवेश कर गया है. गुरुवार तक इसका फैलाव सुपौल, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और मधेपुरा जिलों तक हो चुका है. मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक परिस्थितियां अनुकूल होन के कारण 14-15 जून तक पूरे बिहार में माॅनसून के छाने की संभावना बनी हुई है. इसके बाद बिहार में तेज और हल्की बारिश की शुरुआत हर क्षेत्र में होने का पूर्वानुमान है.
शुक्रवार को कैसा रहेगा मौसम का हाल
शुक्रवार को भी पटना सहित अधिकतर भागों में हल्की व तेज बारिश होगी, लेकिन शनिवार से दक्षिण बिहार में अधिकतम तापमान में वृद्धि होगी. अगले तीन-चार दिनों के दौरान उत्तर बिहार के अधिकतर भागों में तेज और हल्की बारिश, तेज आंधी और वज्रपात की संभावना है. इसके कारण इन भागों में अधिकतम तापमान में अभी गिरावट जारी रहेगी.
गुरुवार को सबसे अधिक तापमान छपरा में 36.6 डिग्री दर्ज किया गया. साथ ही वाल्मीकि नगर में 32.2, गयाजी में 34, शेखपुरा में 34.6, औरंगाबाद में 33.5, भभुआ में 36, अरवल में 30, मुंगेर में 31 और जहानाबाद में 31 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा.
यूपी के रास्ते आयी गुरुवार को आंधी
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक गुरुवार की सुबह पटना सहित अन्य भागों में आयी तेज आंधी एमपी और यूपी से होते हुए बिहार पहुंची. इस बदलाव का माॅनसून से कोई संबंध नहीं है. अचानक आयी आंधी यूपी के रास्ते में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण आयी, जिसका असर दक्षिण बिहार में एक से दो दिन और उत्तर बिहार में चार दिनों तक रहने की संभावना है.
गुरुवार की सुबह में आंधी और बारिश के बाद पटना में अधिकतम तापमान 29.6, भागलपुर में 29.5, सबौर में 29.6, पूर्णिया में 29.4, दरभंगा में 28.6 और मुजफ्फरपुर में 28 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया. इसी तरह अन्य जिलों में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गयी.
किशनगंज के तैयबपुर में हुई सबसे अधिक 148 एमएम बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक गुरुवार को सबसे अधिक बारिश किशनगंज के तैयबपुर में 148 एमएम, सरायगंज भपटियाही में 106 एमएम, बलतारा में 70.4 एमएम, हसनपुर में 67.6 एमएम, आंदर में 67.4 एमएम, किशनपुर में 65.4 एमएम, ठाकुरगंज में 62.8 एमएम, लौकही में 61.2 एमएम, त्रिवेणी, वाल्मीकिनगर में 58 एमएम, सीवान सदर में 57.4 एमएम, दरौली में 57.2 एमएम, रघुनाथपुर में 56.2 एमएम, नौतन में 55.8, हुसैनगंज में 52.2, पोठिया में 48.6 व जीरादेई में 47.5 एमएम बारिश दर्ज की गयी है.
बिहार की ताजा समाचारों के लिए क्लिक करें
क्या बोले निदेशक
मौसम सेवा केंद्र पटना के निदेशक सीएन प्रभु ने बताया कि बिहार में अररिया के रास्ते बुधवार के मॉनसून बिहार में प्रवेश कर गया है. 14-15 जून तक पूरे बिहार में भी मॉनसून का असर दिखेगा. अभी मॉनसून को आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह से अनुकूल हैं. इसके कारण जल्द ही माॅनसून पूरी तरह से बिहार पर फैल जायेगा.
इसे भी पढ़ें: पटना को मिला दिल्ली-एनसीआर जैसा तोहफा, रिंग रोड के आखिरी हिस्से को केंद्र की हरी झंडी
The post बिहार में किशनगंज-अररिया के रास्ते पहुंचा मॉनसून, 15 जून के बाद पूरे राज्य में दिखेगा असर appeared first on Naya Vichar.

