Bihar Panchayat Chunav: बिहार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा है कि परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही राज्य में पंचायत चुनाव कराए जाएंगे. शिवहर दौरे के दौरान उन्होंने यह बात कही. उन्होंने कहा कि विभाग इस काम को जल्द पूरा करने की कोशिश कर रहा है.
मंत्री ने बताया कि पिछला परिसीमन वर्ष 1991 की जनगणना के आधार पर हुआ था. इस बार 2011 की जनगणना के आंकड़ों के आधार पर नई सीमाएं तय की जाएंगी. उन्होंने कहा कि जनसंख्या बढ़ने के कारण कई जगह नई पंचायतें भी बनाई जा सकती हैं. हालांकि अंतिम फैसला परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगा.
आरक्षण और रोस्टर पर आयोग करेगा फैसला
दीपक प्रकाश ने साफ किया कि पंचायत चुनाव में आरक्षण और रोस्टर से जुड़े सभी फैसले बिहार राज्य निर्वाचन आयोग करेगा. प्रशासन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार ही आगे की कार्रवाई करेगी.
शिवहर में पंचायत प्रशासन भवनों का काम तेज
मंत्री ने बताया कि शिवहर जिले में 17 पंचायत प्रशासन भवनों का निर्माण चल रहा है. 49 स्थानों पर भवनों की स्वीकृति दी गई है. इनमें से 15 भवन बनकर तैयार हो चुके हैं. 11 पंचायत प्रशासन भवनों में आरटीपीएस सेवा शुरू हो गई है, जबकि 7 भवनों में आधार कार्ड से जुड़ी सेवाएं भी दी जा रही हैं.
बिहार की ताजा समाचारों के लिए यहां क्लिक करें
7,810 सोलर स्ट्रीट लाइट और 19 विवाह मंडप
मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत शिवहर जिले में अब तक 7,810 सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाई जा चुकी हैं. वहीं मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना के तहत 19 पंचायतों का चयन किया गया है. इसके अलावा 38 मोक्ष धामों की पहचान कर उनका प्राक्कलन तैयार किया जा रहा है.
जिला परिषद की आय और संपत्ति की जानकारी
मंत्री ने बताया कि शिवहर जिला परिषद के पास 126.94 एकड़ जमीन है. वर्ष 2025-26 में जिला परिषद ने अपने संसाधनों से 16.13 लाख रुपये से अधिक की आय अर्जित की है. जिला परिषद के अधीन 88 दुकानें संचालित हो रही हैं, जिनसे नियमित राजस्व प्राप्त हो रहा है.
Also Read: दिल्ली में पप्पू यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस में हंगामा, धक्कामुक्की के बाद बोले- हाथ में चाकू था, मुझे मारने आए थे
The post बिहार में परिसीमन के बाद ही होंगे पंचायत चुनाव, मंत्री दीपक प्रकाश ने बताई प्रशासन की तैयारी appeared first on Naya Vichar.
