Iran US Conflict: पूरी दुनिया की नजर इस समय ईरान और अमेरिका पर टिकी है. उम्मीद की जा रही है कि दोनों के बीच महीनों की गतिरोध के बाद अब बात बन सकती है. अमेरिका और ईरान के बीच डील हो सकती है. संभावित समझौते का अंतिम मसौदा तैयार हो चुका है. अगर डील हो जाती है तो इससे पूरी दुनिया को राहत मिलने की संभावना है. न्यूज चैनल अल अरबिया ने सूत्रों के हवाले कहा है कि कुछ घंटों में डील को लेकर बड़ी घोषणा हो सकती है.
आसिफ मनीर पहुंच रहे तेहरान
ईरान की प्रशासनी समाचार एजेंसी IRNL के अनुसार पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर शुक्रवार को तेहरान पहुंच रहे हैं. उनकी यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव को कम करने का कूटनीतिक प्रयास सफल होने से महज कुछ कदम दूर है. आसिम मुनीर की यह यात्रा पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी की तेहरान यात्रा के तुरंत बाद हुई है. नकवी ने तीन दिवसीय दौरे के दौरान ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़श्कियन और अन्य वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की थी.
ईरान ने बदली अपनी वार्ता टीम
इन सबके बीच ईरान ने अपने राजनयिक तंत्र में बड़ा फेरबदल किया है. अल अरबिया की रिपोर्ट के मुताबिक, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाक़ाई को आधिकारिक वार्ता टीम का प्रवक्ता नियुक्त किया गया है. इसके साथ ही ईरानी संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकेर गालिबफ को दोबारा राजनयिक प्रतिनिधिमंडल का प्रमुख बनाया गया है. इसे वार्ता प्रक्रिया में नेतृत्वक स्थिरता बनाए रखने की कोशिश माना जा रहा है.
ट्रंप प्रशासन की चेतावनी से बढ़ा दबाव
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में चेतावनी दी थी कि कूटनीतिक समाधान के लिए समय तेजी से खत्म हो रहा है. व्हाइट हाउस ने भी संकेत दिए हैं कि यदि बातचीत विफल रहती है तो गंभीर सैन्य परिणाम सामने आ सकते हैं.
ईरान के भीतर भी बढ़ रहा तनाव
ईरान के अंदर भी हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं. कट्टरपंथी गुटों ने अमेरिका पर मौजूदा हालात का फायदा उठाने का आरोप लगाया है और कड़ी प्रतिक्रिया की चेतावनी दी है. इससे पूरे मिडिल ईस्ट में संघर्ष और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.
समझौते को लेकर अनिश्चितता बरकरार- मार्को रुबियो
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि ईरान के साथ जारी वार्ता में मामूली प्रगति हुई है, लेकिन समझौते को लेकर अब भी अनिश्चितता बनी हुई है. उनका बयान ऐसे समय आया है जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में कहा था कि उन्होंने ईरान पर सैन्य कार्रवाई इसलिए टाल दी क्योंकि महत्वपूर्ण बातचीत जारी है. रुबियो ने बताया कि मिडिल ईस्ट के सहयोगी देशों के अनुरोध पर ट्रंप ने हमले को रोका है. वहीं, ईरान से समझौते की कोशिशों को लेकर इजराइल नाराज बताया जा रहा है. ट्रंप ने हालांकि कहा कि प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू वही करेंगे, जो वह चाहेंगे.
अमेरिका और ईरान के बीच कहां फंस रहा पेंच
अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता में सबसे बड़ा विवाद ईरान के यूरेनियम भंडार और होर्मुज स्ट्रेट पर उसके नियंत्रण को लेकर है. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ईरान को परमाणु हथियार बनाने योग्य यूरेनियम रखने नहीं देगा और जरूरत पड़ने पर उसे नष्ट भी किया जा सकता है. वहीं, ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट पर किसी तरह के टोल या प्रतिबंध का विरोध करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्ग बताया है. दूसरी ओर, ईरान ने साफ कर दिया है कि वह समृद्ध यूरेनियम देश से बाहर नहीं भेजेगा और होर्मुज पर अपने अधिकार को लेकर भी पीछे हटने वाला नहीं है.
The post मसौदा तैयार, ईरान और अमेरिका में हो सकता है समझौता! मुनीर पहुंच रहे तेहरान appeared first on Naya Vichar.

