Pitru Paksha Mela 2026 : पितृपक्ष मेला 2026 का शुभारंभ शुक्रवार से गया जी और पुनपुन में होगा. यह मेला 10 अक्टूबर तक चलेगा. देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर अनुभव के लिए पर्यटन विभाग ने व्यापक तैयारियां की हैं. गया जी के गांधी मैदान, गया जंक्शन और पुनपुन समेत प्रमुख स्थानों पर कई सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही हैं.
गांधी मैदान में 2500 श्रद्धालुओं की क्षमता वाली टेंट सिटी
गया के गांधी मैदान में 2500 लोगों की क्षमता वाली टेंट सिटी तैयार की गयी है. इसका निर्माण बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के माध्यम से कराया गया है. यहां श्रद्धालुओं के लिए पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी. सुरक्षा और निगरानी के लिए पुलिस कंट्रोल रूम, सीसीटीवी कैमरे, वॉच टावर, मेडिकल कैंप और ड्रोन की व्यवस्था की गयी है. टेंट सिटी में मंच का भी निर्माण कराया गया है.
ई-रिक्शा और फल्गु महाआरती की भी व्यवस्था
पितृपक्ष मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ई-रिक्शा परिचालन की व्यवस्था की गयी है. इसके अलावा एयर बैलून, तोरण द्वार, वृत्तचित्र, नो-एंट्री वाले स्थानों पर टेंट और फल्गु महाआरती समेत विभिन्न गतिविधियों के लिए गया जिला प्रशासन को राशि उपलब्ध करायी गयी है.
श्रद्धालुओं को मुफ्त में मिलेगा मेला ब्रोशर
देश और दूसरे राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं और पिंडदानियों को मेला क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने के लिए ब्रोशर प्रकाशित कराया गया है. इसे श्रद्धालुओं के बीच निःशुल्क वितरित किया जाएगा. ब्रोशर में मेला और पर्यटन से संबंधित जरूरी जानकारी उपलब्ध करायी जाएगी.
पुनपुन में दो दिवसीय लेजर शो का आयोजन
पुनपुन में पितृपक्ष मेला के दौरान दो दिवसीय लेजर शो का आयोजन भी किया जाएगा. इसके अलावा श्रद्धालुओं और पर्यटकों के बीच मेला से संबंधित ब्रोशर का निःशुल्क वितरण किया जाएगा.
सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना उद्देश्य
पर्यटन विभाग का उद्देश्य पितृपक्ष मेला 2026 में आने वाले श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है. विभाग की तैयारियों में श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ मेला की धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता को ध्यान में रखा गया है.
ALSO READ : बारिश से गया बेहाल: पितृपक्ष मेला क्षेत्र में घुटने से अधिक पानी, टेंट सिटी में भी बिगड़ी व्यवस्था
The post पितृपक्ष मेला 2026 : गया जी और पुनपुन में श्रद्धालुओं के लिए खास इंतजाम, टेंट सिटी से लेकर ई-पिंडदान तक की सुविधा appeared first on Naya Vichar.

