JPSC JSSC Students Protest, रांची: झारखंड विधानसभा के बाहर पिछले कई घंटों से डटे जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) के आंदोलनकारियों पर पुलिस ने देर शाम दूसरी बार लाठीचार्ज कर दिया. अचानक हुए इस लाठीचार्ज के बाद मौके पर भगदड़ मच गई और छात्रों को जान बचाकर इधर-उधर भागना पड़ा. इस कार्रवाई में कई छात्रों के साथ-साथ कवरेज कर रहे मीडियाकर्मियों पर भी पुलिस की लाठियां बरसीं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया. इस दौरान “वी वांट जस्टिस” का नारा लगा रही एक छात्रा भी बेहोश हो गई, जिसे साथी छात्रों ने आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया.
“तानाशाह न बनें CM”, भड़के छात्र ने दी चेतावनी
पुलिस द्वारा बल प्रयोग के बाद छात्रों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया है. उग्र हुए प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कई घोषणाएं कर डाली. अब आंदोलनकारियों ने साफ कर दिया है कि अब वे प्रशासन के किसी भी प्रतिनिधि या मंत्री से बात नहीं करेंगे. उनकी सीधी मांग है कि मुख्यमंत्री खुद आकर उनसे बात करें.
ये भी पढ़ें: दो वर्षीय बीएड डिग्री मामले में हाइकोर्ट का निर्देश, सहायक आचार्य की 70 सीटें खाली रखें
छात्रों ने लगाया प्रशासन पर तानाशाही का आरोप
छात्रों ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा, “प्रशासन तानाशाह न बने. राज्य के युवाओं ने जिस तरह आपको सत्ता के शिखर पर बैठाया है, उसी तरह सत्ता से उखाड़ फेंकने की हिम्मत भी रखते हैं.” उनका कहना है कि वे केवल पारदर्शी परीक्षा और सीबीआई (CBI) जांच की वाजिब मांग कर रहे हैं. जिस तरह से शांत छात्रों और पत्रकारों पर लाठियां बरसाई गई हैं, उसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अब यह लड़ाई सिर्फ छात्रों की नहीं, बल्कि पूरे झारखंड का जन-आंदोलन बनेगा.
ये भी पढ़ें: रांची में सियासी घमासान शुरूः विधानसभा पहुंचे देवेंद्र महतो, जगन्नाथपुर मंदिर के पास 3 लेयर बैरिकेडिंग
The post विधानसभा में आंदोलनकारियों पर फिर बरसा पुलिस का डंडा, छात्र नेता बोले- अब सीधे CM से बात होगी appeared first on Naya Vichar.