नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर | जिले के खिलाड़ियों को जल्द ही आधुनिक स्पोर्ट्स भवन-सह-व्यायामशाला की सुविधा मिलने वाली है। जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने बुधवार को नवनिर्मित स्पोर्ट्स भवन-सह-व्यायामशाला का निरीक्षण कर निर्माण गुणवत्ता, उपलब्ध सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भवन का हस्तांतरण जल्द पूरा कर संचालन शुरू कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने भवन निर्माण विभाग के अभियंताओं से कार्य की प्रगति की जानकारी ली और कहा कि हस्तांतरण से जुड़ी सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर भवन को संबंधित विभाग के सुपुर्द किया जाए, ताकि खिलाड़ियों को इसका लाभ जल्द मिल सके।
उन्होंने जिला स्पोर्ट्स पदाधिकारी विवेक कुमार को विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप स्पोर्ट्स भवन का नियमित एवं व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही भवन के रखरखाव, आवश्यक स्पोर्ट्स उपकरणों की उपलब्धता तथा खिलाड़ियों के बेहतर प्रशिक्षण और अभ्यास की सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
डीएम ने कहा कि जिले में स्पोर्ट्स अवसंरचना को मजबूत करना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। आधुनिक स्पोर्ट्स भवन-सह-व्यायामशाला शुरू होने से स्थानीय खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और अभ्यास की सुविधा मिलेगी, जिससे वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन कर सकेंगे।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, जिला स्पोर्ट्स पदाधिकारी विवेक कुमार, भवन निर्माण विभाग के अभियंता तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।