नया विचार न्यूज़ समस्तीपुर । बिहार प्रशासन की ‘सात निश्चय-3’ योजना के अंतर्गत महाविद्यालय विहीन प्रखंडों में नए राजकीय महाविद्यालयों की स्थापना एवं संचालन की तैयारियों का बुधवार को जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने खानपुर और कल्याणपुर प्रखंड स्थित प्रस्तावित राजकीय महाविद्यालयों का दौरा कर आधारभूत सुविधाओं एवं शैक्षणिक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने महाविद्यालय भवनों की स्थिति, फर्नीचर, आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता, क्रय एवं आपूर्ति की प्रगति, शिक्षकों की पदस्थापना एवं प्रतिनियुक्ति, पेयजल, विद्युत, शौचालय तथा पठन-पाठन शुरू करने के लिए आवश्यक अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अपर समाहर्ता सह नोडल पदाधिकारी प्रेम शंकर झा एवं संबंधित महाविद्यालयों के प्राचार्यों से तैयारियों की बिंदुवार जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रशासन की मंशा के अनुरूप सभी शेष कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि महाविद्यालयों का नियमित संचालन शीघ्र प्रारंभ हो सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करें।
उन्होंने कहा कि इन महाविद्यालयों के शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधा मिलेगी और उन्हें पढ़ाई के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
गौरतलब है कि जिले के खानपुर, कल्याणपुर, सिंघिया, विभूतिपुर और विद्यापतिनगर प्रखंडों में कुल पांच नए राजकीय महाविद्यालयों का संचालन प्रस्तावित है। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी, जिला शिक्षा विभाग के अधिकारी, संबंधित महाविद्यालयों के प्राचार्य तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।